मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के खतौली क्षेत्र के एक गांव में शादी का माहौल उस समय सनसनीखेज ड्रामे में बदल गया, जब एक ही दुल्हन के लिए दो अलग-अलग जगहों से बरातें पहुंच गईं। शादी की तैयारियों के बीच अचानक हुए इस घटनाक्रम से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और आखिरकार दोनों दूल्हों को बिना फेरे लिए ही वापस लौटना पड़ा।दरअसल, दुल्हन की शादी करीब छह महीने पहले शामली जिले के बाबरी गांव निवासी प्रदीप उर्फ अनिल के साथ तय हुई थी। लेकिन शादी से एक दिन पहले दूल्हे के भाई की मौत हो गई। इसके बाद दूल्हा पक्ष की ओर से बरात को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।

शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं

इधर शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, इसलिए दुल्हन के बाबा ने जल्दबाजी में मेरठ जिले के डिग्गी गांव निवासी आकाश के साथ नया रिश्ता तय कर दिया और तय हुआ कि बरात अगले ही दिन आएगी।मंगलवार को स्थिति तब पूरी तरह बिगड़ गई जब शामली और मेरठ दोनों जगहों से दूल्हे बरात लेकर गांव पहुंच गए। एक ही दुल्हन के लिए दो-दो बरातें देखकर गांव में हंगामा खड़ा हो गया। मामला बढ़ता देख पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसी बीच किसी ने दुल्हन के नाबालिग होने की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन को दे दी।

दुल्हन की उम्र से संबंधित कोई प्रमाण पत्र नहीं दिखा सके

सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम गांव पहुंच गई। जब परिवार के लोग दुल्हन की उम्र से संबंधित कोई प्रमाण पत्र नहीं दिखा सके तो टीम दुल्हन को अपने साथ ले गई।फिलहाल दुल्हन को जिला अस्पताल के वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। उसकी उम्र का पता लगाने के लिए ओसिफिकेशन टेस्ट कराया जाएगा। इसके बाद ही बाल कल्याण समिति आगे का फैसला करेगी।उम्र को लेकर विवाद बढ़ने के बाद दोनों दूल्हों को अपनी-अपनी बरात लेकर वापस लौटना पड़ा। बताया जा रहा है कि दोनों बरातों में करीब सात-सात बराती शामिल थे।ग्रामीणों के मुताबिक दुल्हन का पूरा परिवार दिव्यांग है।

माता-पिता के साथ भाई-बहन भी दिव्यांग

माता-पिता के साथ भाई-बहन भी दिव्यांग हैं, इसलिए गांव के लोग मिलकर शादी की तैयारियां कर रहे थे। अब लड़की की वास्तविक उम्र सामने आने के बाद ही शादी को लेकर आगे निर्णय लिया जाएगा।इसी बीच जिले के मंसूरपुर क्षेत्र में एक और अनोखा मामला सामने आया, जहां डीजे पर डांस को लेकर हुए विवाद के बाद दुल्हन ने फेरे लेने से ही इनकार कर दिया। देर रात दोनों पक्षों में 4.50 लाख रुपये का समझौता हुआ, जिसके बाद बरात बिना दुल्हन के लौट गई।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *