लखनऊ । उत्तर प्रदेश एटीएस (एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड) ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में भारतीय नौसेना में तैनात एक जवान को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आदर्श कुमार उर्फ लकी के रूप में हुई है, जो आगरा जिले का निवासी है और वर्तमान में केरल के कोच्चि स्थित दक्षिणी नेवल कमांड में लांस नायक के पद पर तैनात था।
खुफिया इनपुट के बाद शुरू हुई जांच
एटीएस उत्तर प्रदेश को लगातार ऐसी आसूचनाएं मिल रही थीं कि एक भारतीय नागरिक पाकिस्तान स्थित आईएसआई एजेंट के संपर्क में है और देश की संवेदनशील सैन्य जानकारियां साझा कर रहा है। इस इनपुट को गंभीरता से लेते हुए एटीएस की टीम ने मामले की जांच शुरू की और संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों पर इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक सर्विलांस के जरिए नजर रखी।जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर यह बात सामने आई कि आगरा निवासी आदर्श कुमार उर्फ लकी पाकिस्तान बेस्ड आईएसआई एजेंट के संपर्क में था।
संवेदनशील सैन्य जानकारी और तस्वीरें कीं साझा
एटीएस की जांच में यह भी सामने आया कि आदर्श कुमार ने रणनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण सैन्य सूचनाएं आईएसआई एजेंट तक पहुंचाईं। इसके अलावा उसने भारतीय नौसेना के युद्धक पोतों और अन्य संवेदनशील सैन्य प्रतिष्ठानों से जुड़ी तस्वीरें भी पाकिस्तान स्थित एजेंट को भेजीं।जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने अपने बैंक खाते से आईएसआई एजेंट को पैसे भी ट्रांसफर किए थे, जिससे उसकी गतिविधियों और संपर्कों पर और भी संदेह गहराया।
साक्ष्य मिलने के बाद की गई गिरफ्तारी
एटीएस ने जब पर्याप्त साक्ष्य जुटा लिए, तब आरोपी की देशविरोधी गतिविधियों और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के नेटवर्क से उसके आपराधिक संबंधों की पुष्टि हुई। इसके बाद 10 मार्च 2026 को यूपी एटीएस की टीम ने आदर्श कुमार उर्फ लकी को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद उसे नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे न्यायिक अभिरक्षा (ज्यूडिशियल कस्टडी) में जेल भेज दिया है।
अभियुक्त का विवरण
नाम: आदर्श कुमार उर्फ लकी
पिता का नाम: बलवीर सिंह
आयु: 24 वर्ष
निवासी: ग्राम चीतपुर, पोस्ट एवं थाना कागारोल, जिला आगरा (उत्तर प्रदेश)
पद: लांस नायक, भारतीय नौसेना
तैनाती: दक्षिणी नेवल कमांड, कोच्चि (केरल)
एटीएस की जांच जारी
एटीएस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी कब से आईएसआई एजेंट के संपर्क में था और उसने अब तक कौन-कौन सी संवेदनशील जानकारियां साझा की हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस जासूसी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े इस मामले में एटीएस की कार्रवाई को बेहद अहम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यदि समय रहते इस नेटवर्क का खुलासा नहीं होता तो इससे देश की सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता था।
