मुरादाबाद। जिले में एक तहसीलदार का भाजपा नेता की गाड़ी में बैठकर खनन से जुड़े डंपरों की चेकिंग करना भारी पड़ गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने कार्रवाई करते हुए तहसीलदार Praveen Kumar का तबादला कर दिया।
भाजपा की गाड़ी पर बैठकर कर रहे थे चेकिंग
जानकारी के मुताबिक, ठाकुरद्वारा में तैनात तहसीलदार प्रवीण कुमार पर आरोप लगा कि वह भाजपा नेता की गाड़ी में बैठकर उत्तराखंड से आने वाले खनन डंपरों की चेकिंग कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।वीडियो सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने तत्काल एडीएम वित्त एवं राजस्व को जांच के आदेश दिए। शुरुआती जांच में मामला गंभीर पाए जाने पर तहसीलदार के वेतन आहरण पर भी रोक लगा दी गई और शासन को रिपोर्ट भेजी गई।
सफाई, सरकारी गाड़ी रास्ते में खराब हो गई थी
हालांकि तहसीलदार प्रवीण कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी सरकारी गाड़ी रास्ते में खराब हो गई थी, इसलिए उन्होंने भाजपा नेता की गाड़ी से लिफ्ट लेकर मौके तक पहुंचकर चेकिंग की।बताया जा रहा है कि प्रवीण कुमार विशेष पुनरीक्षण (SIR) कार्य में भी लगे हुए थे। इसी कारण करीब एक माह पहले उनका किया गया तबादला चुनाव आयोग की अनुमति न मिलने के चलते रोक दिया गया था। अब अनुमति मिलने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उन्हें ठाकुरद्वारा से हटाकर बिलारी तहसील भेज दिया है।
तहसील सदर के तहसीलदार धीरेश कुमार सिंह को ठाकुरद्वारा भेजा
इसके साथ ही प्रशासनिक फेरबदल में तहसील सदर के तहसीलदार धीरेश कुमार सिंह को ठाकुरद्वारा भेजा गया है, जबकि बिलारी में तैनात अंकित गिरी को तहसील सदर स्थानांतरित किया गया है।इस पूरे मामले ने प्रशासनिक निष्पक्षता और खनन जांच को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
