लखनऊ । राजधानी के गोमतीनगर विस्तार स्थित पुलिस मुख्यालय में सोमवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम हर्षोल्लास, सौहार्द और आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक यूपी राजीव कृष्ण ने पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को होली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

पुलिस विभाग के लिए 44 हजार करोड़ से अधिक का बजट आवंटित

समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस महानिदेशक ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस लगातार बेहतर कार्य कर रही है और उसकी उपलब्धियों की सराहना प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा कई मंचों पर की गई है। उन्होंने कहा कि यह पूरे पुलिस बल के लिए गर्व की बात है और इससे पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है।

आधुनिक बनाने की दिशा में कई योजनाएं लागू

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार उत्तर प्रदेश पुलिस को तकनीकी रूप से अधिक सक्षम और आधुनिक बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में इस वर्ष पुलिस विभाग के लिए 44 हजार करोड़ रुपये से अधिक का बजट आवंटित किया गया है। इस बजट के माध्यम से पुलिस व्यवस्था को और मजबूत, प्रभावी और आधुनिक बनाने की दिशा में कई योजनाएं लागू की जाएंगी।

प्रदेश भर में 1384 भवनों का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा

डीजीपी ने कहा कि पुलिसकर्मियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रदेश भर में 1384 भवनों का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इन भवनों के बनने से पुलिसकर्मियों को बेहतर आवासीय और कार्य सुविधाएं मिलेंगी, जिससे वे और अधिक समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे।

कार्यक्रम के दौरान सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं

उन्होंने पुलिस बल के समर्पण, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सकारात्मक सोच के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार की खुशियां साझा कीं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *