लखनऊ । राजधानी के मोहनलालगंज क्षेत्र के खुजेहटा गांव में घरेलू विवाद के दौरान बेटे द्वारा पिता की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार सोमवार को करीब साढ़े 11 बजे ग्राम प्रधान शंकर यादव ने थाना मोहनलालगंज को सूचना दी कि गांव निवासी रामकरन रावत (45) की उनके बेटे लव कुश रावत (17) ने डंडे से सिर पर वार कर हत्या कर दी है।

घटना के बाद आरोपी मौके से हो गया फरार

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।मौके पर रामकरन रावत का शव घर के बाहर पड़ा मिला और आसपास परिवार के लोग तथा ग्रामीण मौजूद थे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि घरेलू विवाद के दौरान बेटे ने गुस्से में आकर पिता के सिर पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।

फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का किया निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि मृतक की पत्नी उस समय मायके गई हुई थी। परिवार में दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा लव कुश और छोटा बेटा विशाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों से तहरीर लेकर मामला दर्ज किया जाएगा और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *