लखनऊ । राजधानी के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र स्थित बालागंज रेलवे कॉलोनी में घरेलू काम करने वाली 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार को किशोरी का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने के बाद परिजनों ने हत्या और दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

पुलिस मकान मालिक के बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी

पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव को मायापुरम और बालागंज इलाके में सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित हो गया। पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर मकान मालिक के बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

एक साल से कर रही थी घरेलू काम

जानकारी के अनुसार मृतक किशोरी मूल रूप से सीतापुर जिले के रेउसा थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। उसके पिता के मुताबिक परिवार बालागंज क्षेत्र में झोपड़ी बनाकर रहता है। किशोरी पिछले करीब एक वर्ष से बालागंज स्थित रेलवे कॉलोनी में रहने वाले बोकारो स्टील प्लांट से सेवानिवृत्त बुजुर्ग के मकान में रहकर घरेलू काम करती थी।

परिजनों के अनुसार होली के मौके पर किशोरी दो दिन के लिए अपने घर आई थी। इसके बाद वह फिर से काम पर वापस चली गई थी। रविवार दोपहर अचानक मकान मालिक की पत्नी ने फोन कर परिवार को बताया कि उनकी बेटी ने फंदा लगा लिया है।

कमरे में फंदे से लटका मिला शव

परिजनों के अनुसार जब वे मौके पर पहुंचे तो किशोरी का शव कमरे में बेड पर पड़ा हुआ था। वहीं मकान मालिक की पत्नी ने बताया कि रविवार दोपहर उन्होंने किशोरी को ऊपर वाले कमरे में जाकर काम करने के लिए कहा था। काफी देर तक जब वह नीचे नहीं लौटी तो उन्होंने अपने बेटे को ऊपर जाकर देखने के लिए कहा।

किशोरी को पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ देखा

बताया गया कि ऊपर पहुंचने पर युवक ने किशोरी को पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर ठाकुरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी को तत्काल इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शरीर पर चोट के निशान होने का आरोप

किशोरी के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी के गले और पैर में चोट के निशान थे, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है। परिजनों ने मकान मालिक के बेटे पर किशोरी के साथ गलत काम करने के विरोध में गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

पोस्टमार्टम में हैंगिंग से मौत की पुष्टि

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी की मौत का कारण हैंगिंग (फांसी) बताया गया है। हालांकि डॉक्टरों ने दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए स्लाइड तैयार कर उसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।

शव रखकर किया विरोध प्रदर्शन

शाम को पोस्टमार्टम के बाद जब किशोरी का शव परिजनों को सौंपा गया तो आक्रोशित परिवारजन शव को लेकर मायापुरम पहुंचे और सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग शव को लेकर बालागंज चौराहे पहुंच गए और चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन करने लगे, जिससे इलाके में यातायात प्रभावित हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और सड़क से जाम हटवाया।

आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज

पुलिस के अनुसार मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी राघव के खिलाफ मुकदमा संख्या 128/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।

घटना के समय घर में मौजूद था पूरा परिवार

थाना ठाकुरगंज के इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह चौहान के अनुसार आरोपी नगर निकाय निदेशालय में डाटा मैनेजर के पद पर कार्यरत है। घटना के समय आरोपी का पूरा परिवार घर में मौजूद था। आरोपी के पिता ब्रेन हैमरेज से पीड़ित हैं, जबकि उसकी मां कैंसर से ग्रसित बताई जा रही है।

पुलिस का बयान

डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि किशोरी की मौत के मामले में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *