असम । असम के Karbi Anglong जिले के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में गुरुवार शाम Indian Air Force का Sukhoi-30MKI फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुरागकर के रूप में हुई है।भारतीय वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में दोनों अधिकारियों को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। वायुसेना ने दोनों वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
असम के Jorhat एयरबेस से उड़ान भरी थी
जानकारी के अनुसार, फाइटर जेट ने असम के Jorhat एयरबेस से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान से संपर्क टूट गया और वह कार्बी आंगलोंग के पहाड़ी इलाके में क्रैश हो गया। घटना की सूचना मिलते ही वायुसेना और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके के लिए रवाना हुई। दुर्गम और घने जंगलों वाले इलाके में पहुंचने में राहत एवं बचाव दल को लगभग चार घंटे का समय लगा।
आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के गांवों में दहशत फैल गई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब सात बजे पहाड़ियों की दिशा से तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद इलाके में धुआं उठता दिखाई दिया। आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के गांवों में दहशत फैल गई और लोगों को आशंका हुई कि कोई सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।
दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश
हादसा कार्बी आंगलोंग जिले के रंगखेला क्षेत्र के चोकीहोला के नीलिप ब्लॉक के पास एक दूरस्थ पहाड़ी इलाके में हुआ। दुर्घटनास्थल आबादी से काफी दूर जंगल और पहाड़ों के बीच स्थित है, जिसके कारण शुरुआती राहत कार्य में कठिनाई आई। फिलहाल वायुसेना ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए हैं।
