मेरठ । यूपी के मेरठ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां परएक महिला ने अपने रेलवे में कार्यरत पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। महिला का कहना है कि शादी के बाद से ही उसका उत्पीड़न शुरू हो गया था, उसे कमरे में बंधक बनाकर रखा गया और शारीरिक प्रताड़ना दी गई। अब पति ने उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर डालकर आपत्तिजनक टिप्पणी और मोबाइल नंबर साझा कर बदनाम करने की कोशिश की है।
शादी के बाद शुरू हुआ उत्पीड़न
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी पीड़िता के मुताबिक, उसकी शादी करीब तीन साल पहले लालकुर्ती क्षेत्र में रहने वाले युवक से हुई थी, जो रेलवे में कार्यरत है। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति, सास और ननदों ने मिलकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
एक वर्ष पहले उसे आठ दिनों तक कमरे में बंद रखा
महिला का दावा है कि करीब एक वर्ष पहले उसे आठ दिनों तक कमरे में बंद रखा गया और गर्म चिमटे से दागा गया। मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों के रिश्तेदारों ने हस्तक्षेप कर समझौता कराया, जिसके बाद वह कुछ समय के लिए ससुराल लौटी, लेकिन हालात नहीं सुधरे।
सोशल मीडिया पर अश्लील पोस्ट का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि हाल ही में परिचितों ने उसे जानकारी दी कि उसके पति ने इंटरनेट मीडिया पर उसकी फोटो डालकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। इतना ही नहीं, कथित तौर पर उसके नाम के साथ अश्लील बातें लिखते हुए ‘रेट’ और मोबाइल नंबर भी साझा कर दिया, जिससे उसे मानसिक आघात पहुंचा और सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस लगी।
एसएसपी से लगाई गुहार
महिला ने सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर पति, सास और दो ननदों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अविनाश पांडेय ने मामले की जांच सीओ दौराला को सौंप दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की विस्तृत जांच के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।यह मामला घरेलू हिंसा और साइबर उत्पीड़न के गंभीर पहलुओं को उजागर करता है। जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने आएगी।
