हाथरस । यूपी के हाथरस की कोतवाली सदर क्षेत्र में शादी के महज चार दिन बाद दुल्हन के कथित रूप से प्रेमी संग चले जाने का मामला सामने आया है। पति की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़ित युवक के अनुसार, उसकी शादी 21 फरवरी 2026 को चंदपा क्षेत्र की युवती से हुई थी। आरोप है कि 25 फरवरी की रात पत्नी घर से गायब हो गई।
महिला के साथ गए युवक की तलाश शुरू
युवक का कहना है कि विवाह के बाद पत्नी ने उसे पास नहीं आने दिया और चाकू दिखाकर धमकाया। बाद में दोनों परिवारों के बीच समझौता भी हुआ, लेकिन उसी रात पत्नी कथित तौर पर नशीला पदार्थ देकर घर से करीब 10 लाख रुपये के जेवरात और 18 हजार रुपये नकद लेकर चली गई।पुलिस ने महिला से फोन पर संपर्क किया था, जिसमें उसने लौटने का आश्वासन दिया था, लेकिन वापस न आने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि महिला और उसके साथ गए युवक की तलाश की जा रही है।
सोशल मीडिया पर सामने आया दूसरा पक्ष
इस बीच युवती ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है। उसने दावा किया कि शादी उसकी मर्जी के खिलाफ कराई गई थी और इस बात की जानकारी पहले से ससुराल व मायके पक्ष को थी। युवती ने नशीला पदार्थ देने और जेवर ले जाने के आरोपों से इनकार किया है। साथ ही अपने पिता पर उसे पैसों के बदले विवाह के लिए मजबूर करने और अन्य गंभीर आरोप भी लगाए हैं।पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के दावों की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े : बर्थडे पार्टी बनी मौत की पार्टी, खेल-खेल में चली गोली से 13 साल के मासूम की मौत
यह भी पढ़े : चार हत्याओं से सनसनी: भाई के बचाव में उतरी बहन, बोली– ‘निरंकार ऐसा नहीं कर सकता
यह भी पढ़े : गाजियाबाद में यू-ट्यूबर हमले का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में ढेर, एक साथी फरार
