गाजियाबाद। गाजियाबाद के बॉर्डर थाना क्षेत्र में होली के उत्सव के बीच एक परिवार में ऐसा विवाद भड़का, जिसने खुशियों को मातम में बदल दिया। सोनिया नगर कॉलोनी में बहन के घर पहुंचे युवक की कथित तौर पर उसके जीजा ने धारदार औजार से हमला कर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह रही कि घटना के बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए।
टीना की शादी कॉलोनी निवासी राहुल से हुई थी
पुलिस के अनुसार, कुछ वर्ष पहले टीना की शादी कॉलोनी निवासी राहुल से हुई थी। दंपती का एक छोटा बेटा भी है। बताया गया कि घरेलू कामकाज को लेकर टीना और उसकी सास के बीच अक्सर विवाद होता था। सोमवार शाम भी कहासुनी हुई, जिसके बाद टीना के साथ मारपीट की बात सामने आई। इसकी जानकारी मिलने पर टीना का भाई विशाल गुस्से में बहन के घर पहुंचा।
राहुल ने कैंची से कई वार कर दिए
वहां विशाल की राहुल और उसके भाई से बहस बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान राहुल ने कैंची से कई वार कर दिए, जिससे विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के लोग उसे पहले स्थानीय अस्पताल और फिर दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजन बिना कार्रवाई के अंतिम संस्कार को निकल पड़े
मामले ने तब नया मोड़ लिया, जब परिजन शव को घर ले आए और बिना कानूनी प्रक्रिया के अंतिम संस्कार के लिए निकल पड़े। मोहल्ले के लोगों की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने आसपास के श्मशान घाटों पर निगरानी बढ़ाई। वाहन चेकिंग के दौरान एक मिनी ट्रक में शव ले जाते परिजन पकड़ लिए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मुख्य आरोपी और उसका भाई घटना के बाद से फरार
बताया जा रहा है कि मृतक के पिता ने पुलिस से कार्रवाई न करने की अपील की है, ताकि बेटी का घर न टूटे। फिलहाल पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मुख्य आरोपी और उसका भाई घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़े : बर्थडे पार्टी बनी मौत की पार्टी, खेल-खेल में चली गोली से 13 साल के मासूम की मौत
यह भी पढ़े : चार हत्याओं से सनसनी: भाई के बचाव में उतरी बहन, बोली– ‘निरंकार ऐसा नहीं कर सकता’
यह भी पढ़े : गाजियाबाद में यू-ट्यूबर हमले का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में ढेर, एक साथी फरार
