तेहरान। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हवाई हमले में इस्लामिक क्रांति के नेता अयातुल्ला सैय्यद अली खामेनेई की मौत पर 40 दिन का राजकीय शोक और सात दिन का सरकारी अवकाश घोषित किया गया है। ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर आईआरआईबी ने रविवार सुबह कहा कि इस हमले में खामेनेई की शहादत हो गई।
ईरानी मंत्रिपरिषद ने सात दिन की सार्वजनिक छुट्टी
ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार, इसके तुरंत बाद ईरानी मंत्रिपरिषद ने सात दिन की सार्वजनिक छुट्टी और 40 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की। साथ ही तीन सदस्यों वाली नेतृत्व परिषद ( मार्गदर्शक मंडल) की घोषणा भी की गई है। इरना के मुताबिक यह परिषद कुछ समय तक सर्वोच्च नेता की भूमिका का निर्वाह करेगी।
इसकी पुष्टि ईरान की अर्ध सरकारी फार्स न्यूज एजेंसी ने की
ईरान के संविधान के तहत, ऐसी परिषद तब तक नेतृत्व की शक्तियां अपने हाथ में ले सकती है जब तक कि नया सर्वोच्च नेता नहीं चुन लिया जाता। इस बीच इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने कहा है कि ईरान इस्लामिक रिपब्लिक के इतिहास का सबसे खतरनाक हमला शुरू करने जा रहा है। इसकी पुष्टि ईरान की अर्ध सरकारी फार्स न्यूज एजेंसी ने की है। एजेंसी ने कहा, यह हमला बस कुछ ही पलों में शुरू होगा।
अमेरिका और इस्राइल पर हमले की बड़ी चेतावनी
सुप्रीम नेता खामेनेई की मौत के बाद ईरान की आईआरजीसी ने अमेरिका और इस्राइल पर हमले की बड़ी चेतावनी दी है। जिससे साफ हो गया कि खामेनेई की मौत के बाद ईरान चुप नहीं बैठेगा। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने अपने बयान में कहा है कि कुछ ही पल में विनाशकारी हमला किया जाएगा।
