लखनऊ।आगामी होलिका दहन एवं होली पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए जोन-पश्चिमी में सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त पश्चिमी विश्वजीत श्रीवास्तव ने पाटानाला चौकी पर व्यापक समीक्षा बैठक एवं निरीक्षण किया।इस दौरान अपर पुलिस उपायुक्त पश्चिमी धनंजय कुशवाहा, सहायक पुलिस आयुक्त चौक राजकुमार सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त बाजारखाला वीरेन्द्र विक्रम सहित सर्किल बाजारखाला व सर्किल चौक के सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और हल्का प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक के प्रमुख बिंदु

होलिका दहन स्थलों की समीक्षा: संबंधित अधिकारियों से दहन स्थलों का पूर्व भ्रमण, दहन का समय, संभावित भीड़ का आंकलन और संवेदनशीलता की विस्तृत जानकारी ली गई।
पीस कमेटी बैठक की समीक्षा: आयोजकों के साथ सतत संवाद बनाए रखने और आपसी समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
दंगा निरोधी तैयारियां: दंगा नियंत्रण उपकरण, अतिरिक्त मोबाइल वाहन, पर्याप्त पुलिस बल और लाउड हेलर की उपलब्धता की भौतिक जांच की गई।
फील्ड में सतत मौजूदगी: 02, 03 और 04 मार्च 2026 को सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए।
डीजे व ध्वनि प्रदूषण पर सख्ती: डीजे संचालकों को निर्धारित समय-सीमा और मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के आदेश दिए गए।
अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: होलिका दहन स्थलों पर पानी से भरे ड्रम, बालू की बाल्टियां और आवश्यक अग्निशमन उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया।
संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी: सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर गश्त और प्रातःकालीन पोस्टर पार्टी के माध्यम से शांति-सौहार्द का संदेश देने के निर्देश दिए गए।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

डीसीपी पश्चिमी ने स्पष्ट किया कि त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, अराजकता या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।लखनऊ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि होली का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।त्योहार की खुशियों के बीच सुरक्षा और शांति बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि हर नागरिक निश्चिंत होकर रंगों का त्योहार मना सके।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *