महोबा । जिले में कानपुर-सागर हाईवे पर भोर करीब तीन बजे हुए भीषण सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गईं। टक्कर के बाद सड़क पर खून से लथपथ महिलाएं पड़ी मिलीं। मृतकों में भगवती और गीता शामिल हैं, जो परिवार के पालन-पोषण के लिए मजदूरी करती थीं। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पिकअप के टूटे हिस्से बरामद कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हादसे का भयावह मंजर

भोर के सन्नाटे में तेज धमाके की आवाज के साथ हाईवे पर धूल का गुबार उठ गया। गुबार छंटा तो पांच महिलाएं सड़क पर खून से लथपथ पड़ी थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक महिला कराहते हुए कह रही थी, “हम तो मर गए…” यह दृश्य देख राहगीरों का कलेजा कांप उठा।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया गया।

जिन घरों की मां थीं, अब वही घर सूने

हादसे में जान गंवाने वाली भगवती और गीता पहले ही अपने पतियों को खो चुकी थीं। भगवती के पति फूलचंद्र और गीता के पति बालकिशन की पूर्व में सड़क दुर्घटनाओं में मौत हो चुकी थी।दोनों महिलाएं शादी-ब्याह में मजदूरी कर अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही थीं।भगवती के दो बेटे — रविंद्र और रवि, गीता की दो बेटियां और एक बेटा बंटी। पिता के बाद अब मां का साया भी उठ जाने से बच्चे पूरी तरह बेसहारा हो गए हैं।

अस्पताल में गूंजती रही चीख-पुकार

जैसे ही परिजनों को हादसे की खबर मिली, अस्पताल में कोहराम मच गया। इमरजेंसी वार्ड में रोने-बिलखने की आवाजें गूंजती रहीं। पोस्टमार्टम के लिए जब शव मोर्चरी से बाहर लाए गए तो बच्चे और रिश्तेदार फफक पड़े।गीता के जेठ अधिवक्ता बलदेव प्रसाद ने बताया कि ढाई-तीन साल पहले उनके भाई बालकिशन की भी सड़क हादसे में मौत हुई थी। अब गीता की भी उसी तरह मौत हो गई।

पिकअप चालक की तलाश

हादसे के बाद सड़क पर टमाटर बिखरे मिले, जिससे अंदाजा है कि पिकअप टमाटर लदी थी। घटनास्थल पर पिकअप का टूटा हुआ हिस्सा भी मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि दो परिवारों की रीढ़ टूटने जैसा है। जिन बच्चों ने पहले पिता को खोया, अब मां भी उनसे छिन गई। भोर की यह त्रासदी उन मासूमों के जीवन में ताउम्र न भरने वाला खालीपन छोड़ गई।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *