लखनऊ । राजधानी के आशियाना इलाके में पैथोलॉजी संचालक व शराब कारोबारी मानवेंद्र सिंह (49) की हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में उनके बेटे अक्षत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए फिल्म और यूट्यूब वीडियो से तरीका सीखा था।

फिल्म ‘वध’ से मिला आइडिया

सूत्रों के मुताबिक अक्षत ने वध फिल्म देखी थी, जिसमें आरी से शव काटकर ठिकाने लगाने का दृश्य था। इसी तरीके को अपनाने की उसने योजना बनाई। पहले उसने ऑनलाइन चाकू मंगवाया, लेकिन उससे शव काटने में सफल नहीं हुआ। बाद में वह घर से निकलकर दो आरी खरीद लाया और शव के टुकड़े कर दिए।बताया जा रहा है कि आरोपी ने यूट्यूब पर भी शव को ठिकाने लगाने से जुड़े वीडियो देखे थे।

बहन से कहा – “तुम परेशान मत हो”

हत्या के बाद अक्षत ने अपनी छोटी बहन कृति से कहा कि वह घबराए नहीं, वह सब संभाल लेगा। सूत्रों के अनुसार कृति गंभीर बीमारी से जूझ रही है। पुलिस को आशंका है कि पारिवारिक तनाव और पिता के प्रति नफरत इस जघन्य अपराध की बड़ी वजह हो सकती है।

कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब मानवेंद्र और अक्षत की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाल रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि हत्या से पहले और बाद में आरोपी ने किन लोगों से संपर्क किया। वारदात के समय घर में मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं इस अपराध में किसी और की भूमिका तो नहीं थी।

परिवार ने साधी चुप्पी

मानवेंद्र के पिता ने पूरे मामले पर कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया है। वहीं, अक्षत की मां की मौत को लेकर परिजनों ने आत्महत्या की बात से इनकार करते हुए बीमारी से निधन होना बताया है। कॉलोनी में अब भी सन्नाटा पसरा है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

जेल में बेचैन रहा आरोपी

गिरफ्तारी के बाद अक्षत को जेल भेज दिया गया। बुधवार रात वह सो नहीं सका और पूरी रात बड़बड़ाता रहा। उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए उसे जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सक उसकी निगरानी कर रहे हैं और काउंसिलिंग भी की जा रही है।

रातभर वह दीवार से टिककर बैठा रहा

जेल प्रशासन के अनुसार आरोपी ने बताया कि पहले उसके पिता ने उसे पीटा था, जिसके बाद उसने गुस्से में गोली मार दी। रातभर वह दीवार से टिककर बैठा रहा और कई बार रोते हुए पछतावा भी जताया।इस दिल दहला देने वाली घटना ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती दरार और मानसिक तनाव के गंभीर परिणामों को उजागर कर दिया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *