संभल । यूपी में संभल के असमोली थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग से नाराज़ परिवार ने ही अपनी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार पिता ने पुलिस पूछताछ में साफ कह दिया – “मुझे कोई अफसोस नहीं है।”
क्या है पूरा मामला?
गांव मतावली पट्टी जग्गू की रहने वाली रूपजहां का गांव के ही दूसरे समुदाय के युवक शिवम सैनी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। 18 फरवरी को वह अपने प्रेमी के साथ अमरोहा चली गई थी।अगले ही दिन ग्राम प्रधानपति लेखराज, गांव के बॉबी और कुलदीप उसे वापस घर लेकर आए। आरोप है कि घर पहुंचते ही परिवार ने ‘इज्जत’ के नाम पर मौत की साजिश रच डाली।
पहले पिटाई, फिर रस्सी से गला दबाया
पुलिस जांच में सामने आया है कि रूपजहां की पहले बेरहमी से पिटाई की गई, फिर रस्सी से तब तक गला दबाया गया जब तक उसकी सांसें थम नहीं गईं।रात 9 बजे भाई जानेआलम ने उत्तर प्रदेश पुलिस की आपात सेवा UP 112 को फोन कर खुद को हत्यारा बताया और दावा किया कि उसने अकेले वारदात को अंजाम दिया है।लेकिन पुलिस की जांच में उसका झूठ बेनकाब हो गया।
जांच में खुली साजिश की परतें
जब पुलिस मौके पर पहुंची तो परिवार के शादी में होने की कहानी झूठी निकली। सख्ती से पूछताछ में जानेआलम ने कबूल किया कि हत्या में पिता नौशे और बड़ा भाई गुड्डू भी शामिल थे।पिता नौशे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जबकि दूसरा भाई गुड्डू और तीन अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस ने प्रधानपति समेत तीन लोगों को हत्या की साजिश में शामिल माना है।
पुलिस क्या कह रही है?
सीओ असमोली ने बताया कि मुख्य आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश में तीन टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। बता दें कि यह वारदात एक बार फिर ‘ऑनर किलिंग’ जैसे काले सच को उजागर करती है, जहां प्रेम करने की कीमत एक युवती को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।
यह भी पढ़े : तंगहाली की मार: अमांपुर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से सन्नाटा
यह भी पढ़े: बीएचयू में ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप, बिरला हॉस्टल के बाहर छात्र पर 4 राउंड गोलीबारी
यह भी पढ़े : नौ साल बाद मुस्कुराए शिक्षामित्र: विधानसभा में सीएम की घोषणा से मानदेय लगभग दोगुना
