कानपुर। कानपुर के सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र स्थित तुलसियापुर में सोमवार तड़के दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। रिटायर्ड फौजी चेतराम पासवान (52) ने कथित तौर पर अपनी पत्नी सुनीता (45) और बेटे दीप (16) को दोनाली बंदूक से गोली मार दी और इसके बाद खुद ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली।
घर के अंदर पत्नी और बेटे के खून से लथपथ शव पड़े मिले
पुलिस को चेतराम की बाइक के नंबर के आधार पर घर का पता चला। जब टीम मौके पर पहुंची तो घर के अंदर पत्नी और बेटे के खून से लथपथ शव पड़े मिले। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। जेसीपी लॉ एंड ऑर्डर और डीसीपी साउथ ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की।
जुए-सट्टे की लत और बढ़ता कर्ज
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चेतराम जुए और सट्टे का आदी था। इसी कारण वह भारी कर्ज में डूब गया था। परिजनों के मुताबिक कर्ज चुकाने के लिए पहले मकान और फिर एक बीघा खेत तक बेचना पड़ा। हाल ही में 12 लाख रुपये में खेत बेचकर कर्ज चुकाया गया था, जिसमें से 4.5 लाख रुपये कर्ज में काटे गए। पुलिस को उसके मोबाइल में ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े कई साक्ष्य मिले हैं और बैंक लेनदेन की जांच की जा रही है।
पारिवारिक विवाद भी जांच के घेरे में
बताया जा रहा है कि दंपती के बीच अक्सर विवाद होता था। पत्नी की ससुराल पक्ष से अनबन भी चर्चा में है। हालांकि चेतराम के भाई ने हत्या के आरोप से इनकार करते हुए साजिश की आशंका जताई है। पुलिस ने मृतक के हाथों से जीएसआर (गन शॉट रेजिड्यू) सैंपल लिए हैं और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।थाना प्रभारी प्रदीप सिंह के अनुसार, हत्या और आत्महत्या के कारणों की बहुस्तरीय जांच की जा रही है। पुलिस पारिवारिक कलह, आर्थिक संकट और अन्य संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
कानपुर में इससे पहले भी पारिवारिक विवादों में सामूहिक हत्याओं की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसने शहर को झकझोर दिया था। ताजा घटना ने एक बार फिर रिश्तों के टूटते धागों और बढ़ते मानसिक तनाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
