मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में 23 साल बाद एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पाकिस्तान मूल की सबा मसूद उर्फ नाजिया को देहली गेट थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उसने वर्ष 2003 में दो अलग-अलग नाम से वोटर कार्ड बनवाए और भारत में फर्जी दस्तावेजों के सहारे रह रही थी।
इस संबंध में पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की
पुलिस जांच में सामने आया कि सबा ने करीब 37 साल पहले फरहत मसूद से निकाह के बाद लॉन्ग टर्म वीजा पर भारत में प्रवेश किया था। वर्ष 1993 में पाकिस्तान जाकर बेटी को जन्म देने के बाद वह उसे पाकिस्तानी पासपोर्ट पर भारत लेकर आई। आरोप है कि बाद में बेटी का दाखिला मेरठ के एक प्रतिष्ठित स्कूल में कराया गया।प्राथमिकी में महिला के पिता के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े होने का भी शक जताया गया है। हालांकि इस संबंध में पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।
मतदाता सूची में दो अलग-अलग नाम मिलने के बाद जांच तेज
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के अनुसार, वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दो अलग-अलग नाम मिलने के बाद जांच तेज की गई। दस्तावेजों की पड़ताल में गड़बड़ी मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में बीएनएस की कई धाराओं और विदेशी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।आरोपी पक्ष ने इसे संपत्ति विवाद से जुड़ा मामला बताते हुए सभी आरोपों को निराधार बताया है।फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरे नेटवर्क और संभावित कनेक्शन की गहन जांच में जुटी हैं।
