भिवाड़ी (राजस्थान)। भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक निजी फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने ऐसा विकराल रूप लिया कि पूरी यूनिट धू-धू कर जल उठी। कुछ ही मिनटों में हालात बेकाबू हो गए और अंदर काम कर रहे श्रमिकों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। इस भयावह हादसे में सात श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं
सुबह करीब 9:22 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही रीको फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले चुकी थी। राहत दल जब अंदर पहुंचा तो जले हुए शवों का मंजर देखकर हर कोई सन्न रह गया। कई शव इतने बुरी तरह झुलस चुके थे कि उनकी पहचान करना भी मुश्किल हो गया।
फैक्ट्री में ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी, जिससे आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। दो लोगों के अब भी अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में सन्नाटा पसरा
प्रशासन ने मजिस्ट्रेट जांच के संकेत दिए हैं और फैक्ट्री के सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में सन्नाटा पसरा है और श्रमिकों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। आखिर सुरक्षा मानकों में चूक किसकी थी? यह सवाल अब जांच के केंद्र में है।
यह भी पढ़े : विदाई से पहले खुला राज, दूल्हा निकला किन्नर — बारात में मचा हड़कंप
यह भी पढ़े : बुंदेलखंड की सियासत में भूचाल: नसीमुद्दीन की एंट्री से सपा को नई धार
