लखनऊ। दिलावरनगर रेलवे स्टेशन और बेलवा फाटक के बीच बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब दो युवतियों ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान मनकौटी के राजाखेड़ा गांव निवासी नीतू (23) और उसकी सहेली शशि (20) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक और चर्चाओं का माहौल है।

नीतू की शादी छह माह पहले हुई थी शादी

परिजनों के मुताबिक नीतू की शादी छह माह पहले उन्नाव जनपद के औरास क्षेत्र के धनैया खेड़ा निवासी ईशू से हुई थी। बुधवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने देवर के साथ मायके आई थीं। पिता बुद्धा ने बताया कि घर पहुंचने के बाद नीतू अपनी सहेली शशि से मिलने गई थी। दोनों घर से करीब 400 मीटर दूर रेलवे ट्रैक की ओर चली गईं और वहां से गुजर रही ट्रेन के सामने कूद गईं।ट्रेन चालक की सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। छानबीन के दौरान रेलवे लाइन से कुछ दूरी पर स्थित एक बाग में दोनों की चप्पलें और स्टॉल बरामद हुए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दोनों के बीच बचपन से गहरी दोस्ती थी

एसीपी मलिहाबाद सुजीत कुमार दुबे ने बताया कि दोनों के बीच बचपन से गहरी दोस्ती थी और वे अक्सर साथ रहती थीं। शादी के बाद भी नीतू का मायके आना-जाना बना रहता था। आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।नीतू के देवर ने बताया कि नीतू ने पिता से मिलने की इच्छा जताई थी, जिस पर वह उन्हें गांव लेकर आए थे। नीतू के पति ईशू दिल्ली में मजदूरी करते हैं।

गांव में तरह-तरह की चर्चाएं

घटना के बाद गांव में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि सुबह दोनों को रेलवे लाइन की ओर हाथ में हाथ डाले जाते देखा गया था। करीब एक घंटे बाद उनकी मौत की खबर आई।कुछ लोगों का कहना है कि शशि, नीतू के देवर से विवाह करना चाहती थी, लेकिन उसके पिता इसके पक्ष में नहीं थे। वहीं, अन्य ग्रामीणों का मानना है कि दोनों सहेलियां एक-दूसरे से बेहद जुड़ी हुई थीं और अलगाव की स्थिति को स्वीकार नहीं कर पा रही थीं। हालांकि, पुलिस ने इन चर्चाओं की पुष्टि नहीं की है और जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर न पहुंचने की बात कही है।

शादी के बाद से शशि कुछ गुमसुम रहने लगी थी

बताया जाता है कि नीतू की शादी के बाद से शशि कुछ गुमसुम रहने लगी थी। शशि की शादी भी एक वर्ष पूर्व तय हुई थी, लेकिन गोद भराई के बाद वह रिश्ता टूट गया था।शशि के परिवार में पिता अशर्फी लाल, बहन पूना और भाई राजकुमार, विनोद, मनीष, विकास व अवधेश हैं। वहीं नीतू के परिवार में पिता बुद्धा, भाई नरेश और बहनें अनीता व मीरा हैं। शशि ने हाईस्कूल और नीतू ने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की थी।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *