अयोध्या।उत्तर प्रदेश के अयोध्या में रविवार देर शाम एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जब अयोध्या कोतवाली क्षेत्र और बस्ती जिले की सीमा पर बहने वाली सरयू नदी में एक उप निरीक्षक का शव उतराता हुआ मिला। मृतक की पहचान बस्ती जिले के परशरामपुर थाने में तैनात उप निरीक्षक अजय गौड़ के रूप में हुई है।

अजय गौड़ 5 फरवरी से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे

बताया गया कि एसआई अजय गौड़ 5 फरवरी से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे, जिनकी लगातार तलाश की जा रही थी। रविवार शाम नाविकों ने नयाघाट से दशरथ समाधि स्थल की ओर निर्माणाधीन हाईवे के पास नदी में शव उतराता देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही अयोध्या कोतवाली पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को तिहुरा माझा के पास नदी से बाहर निकलवाया गया। शिनाख्त होने के बाद बस्ती जिले की पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई।

शव किस जिले की सीमा में मिला है, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं

घटनास्थल पर एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, कोतवाल पंकज सिंह, दर्शन नगर चौकी प्रभारी बृजभूषण पाठक समेत अन्य अधिकारी पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार अजय गौड़ वर्तमान में प्रभारी थानाध्यक्ष के पद पर तैनात थे।एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि शव किस जिले की सीमा में मिला है, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

एसआई अजय गौड़ वर्ष 2015 बैच के उप निरीक्षक थे

यदि शव बस्ती जिले की सीमा में पाया गया होगा तो आगे की कार्रवाई वहां की पुलिस करेगी, अन्यथा अयोध्या पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम और पंचनामा की कार्रवाई की जाएगी।मृतक एसआई अजय गौड़ वर्ष 2015 बैच के उप निरीक्षक थे और मूल रूप से देवरिया जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पूरे मामले को लेकर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और मौत के कारणों को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *