लखीमपुर खीरी । जिले के धौरहरा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बसंतापुर पुलिया के पास सवारियों से भरा एक टेंपो घने कोहरे के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टेंपो चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

बसंतापुर पुलिया के पास टेंपो पलट गया

जानकारी के अनुसार, रात करीब 12:45 बजे सभी लोग धौरहरा से एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर टेंपो से अपने गांव ऊंचगांव (थाना खमरिया) लौट रहे थे। इसी दौरान दृश्यता बेहद कम होने के कारण बसंतापुर पुलिया के पास टेंपो पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धौरहरा भेजा।

मृतकों के परिजनों में मचा कोहराम

सीएचसी में चिकित्सकों ने खुशबू (12 वर्ष), अबू तालिब (5 वर्ष) और अजरा (2 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। घायलों में किस्मतुन (45), साकिया (20), सादिया (22), निदा (10), अकील (18) निवासी ऊंचगांव थाना खमरिया और टेंपो चालक इसराइल उर्फ जीशान (30) निवासी ग्राम रसूलपुर थाना खमरिया शामिल थे। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला चिकित्सालय लखीमपुर खीरी रेफर किया गया, जहां चालक जीशान की भी मौत हो गई।हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

वाहन की टक्कर से पैदल जा रहे राजगीर की मौत

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित घूरपुर थाना क्षेत्र में बलापुर गांव के समीप रविवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से पैदल जा रहे अधेड़ राजगीर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने दी।उन्होंने बताया कि हादसे में पैदल जा रहे घूरपुर थाना क्षेत्र के बलापुर गांव निवासी राजगीर का काम करने वाले सुरेश चन्द्र (49) की मौत हुई है। पुलिस ने परिवार की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के परिवार में पांच बेटियां है।

बाइकों की भिड़ंत के बाद पिकअप से कुचलकर एक युवक की मौत

उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में विंध्याचल थाना क्षेत्र के अष्टभुजा चौकी अंतर्गत भटेवरा गांव के सामने रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे दो बाइकों की टक्कर हाे गई। हादसे के बाद एक बाइक सवार सड़क पर गिर गया और पिकअप से कुचलकर उसकी मौत हो गई।अष्टभुजा चौकी प्रभारी सुनील मिश्र ने बताया कि मृतक की पहचान किशोरी बैरागी उर्फ डॉक्टर बंगाली(28) निवासी कोलकाता के रूप में हुई है। वह बीते तीन माह से जिगना थाना क्षेत्र के दुबहां गांव में निजी क्लीनिक खोलकर लाेगाें का इलाज करता था। आज सुबह वह बाइक से मीरजापुर की ओर जा रहा था, तभी सड़क हादसे में उसकी माैत हाे गई।

घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया

इस हादसे में दूसरी बाइक सवार पवन कुमार मिश्र (30) निवासी इमिलिया गांव, थाना मेजा, जनपद प्रयागराज गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं अनियंत्रित पिकअप की चपेट में आने से सड़क पार कर रहे भटेवरा गांव निवासी हिमांशु मौर्या (12) पुत्र मंगल मौर्या तथा रितेश पाल(10) भी घायल हो गए। तीनाें काे पुलिस ने एंबुलेंस से पीएचसी सर्रोंई भेजा, जहां से हालत नाजुक देख पवन कुमार मिश्र काे मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया है। वाहन को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल पवन मिश्र के परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं।

मीरजापुर में ट्रैक्टर की टक्कर से राजगीर मिस्त्री की मौत

उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में पड़री थाना क्षेत्र के मोहनपुर कनौरा मार्ग पर रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से राजगीर मिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।मोहनपुर निवासी कपिल विश्वकर्मा (40) पुत्र स्व. नान्हक विश्वकर्मा रोज की तरह काम पर जाने के लिए साइकिल से तोसवा जा रहे थे। जैसे ही वह मोहनपुर पहाड़ी के पास पहुंचे, पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी।

ट्रैक्टर पुलिस हिरासत में ले लिया

हादसे में कपिल गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और पुलिस की मदद से उन्हें पड़री प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। मंडलीय अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी मालती देवी की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर पुलिस हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *