एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के हृदय रोग विशेषज्ञ प्रो. भुवन चंद्र तिवारी ने शारीरिक गतिविधि को सेहत के लिए बेहद जरूरी बताते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि लगातार एक घंटे से ज्यादा समय तक बैठे रहना एक सिगरेट पीने जितना नुकसानदायक है।
एक्टिविटी एंड हेल्थ के राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित
प्रो. भुवन तिवारी शनिवार को संस्थान में आयोजित सोसाइटी फॉर प्रमोशन ऑफ फिजिकल एक्टिविटी एंड हेल्थ के राष्ट्रीय सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि शारीरिक गतिविधियों की कमी आज कई गंभीर बीमारियों की वजह बन रही है। इसका असर केवल वयस्कों और बुजुर्गों पर ही नहीं, बल्कि बच्चों पर भी साफ तौर पर दिखाई दे रहा है।
खेल-कूद से दूरी बच्चों को बीमार बना रही
प्रो. तिवारी के मुताबिक, पढ़ाई का बढ़ता दबाव, मोबाइल और अन्य स्क्रीन का अत्यधिक उपयोग तथा खेल-कूद से दूरी बच्चों को बीमार बना रही है। बच्चों में मोटापा तेजी से बढ़ रहा है, जिसके चलते कम उम्र में ही डायबिटीज और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियां सामने आ रही हैं।सम्मेलन के आयोजक डॉ. सुमित दीक्षित ने कहा कि बच्चों को बीमारियों से बचाने के लिए बचपन से ही उनके खानपान और जीवनशैली पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। नियमित शारीरिक गतिविधि और संतुलित आहार से कई बीमारियों को रोका जा सकता है। सम्मेलन में स्कूलों के बच्चे और शिक्षक भी मौजूद रहे।
10 से 19 वर्ष की आयु वर्ग में मोटापा करीब 288 प्रतिशत तक बढ़ चुका
केजीएमयू के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की डॉ. मोनिका अग्रवाल ने बताया कि 10 से 19 वर्ष की आयु वर्ग में मोटापा करीब 288 प्रतिशत तक बढ़ चुका है। इसका मतलब है कि पिछले 15 वर्षों में बच्चों और किशोरों में मोटापे की दर लगभग तीन गुना हो गई है। उन्होंने बताया कि भारत में लगभग 8.2 प्रतिशत बच्चे मोटापे का शिकार हैं, जबकि 10 प्रतिशत बच्चे सामान्य से अधिक वजन वाले हैं। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।
मोटापा अब केवल अमीरों की बीमारी नहीं रह गई
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. सलमान खान ने कहा कि मोटापा अब केवल अमीरों की बीमारी नहीं रह गई है, बल्कि यह गरीब वर्ग में भी तेजी से फैल रहा है। उन्होंने इसे सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बताया।
