एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । उत्तर प्रदेश में नशे के कारोबार पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने एक और बड़ी चोट की है। एएनटीएफ थाना/यूनिट गोरखपुर ने कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त दो सक्रिय अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 328.73 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 65 लाख रुपये आंकी गई है।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक टाटा कंटेनर, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,410 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। यह गिरफ्तारी 5 फरवरी 2026 को थाना लार क्षेत्र के चोरडीहा स्थित श्री बांके बिहारी बिल्डिंग मैटेरियल के पास की गई।

एएनटीएफ लखनऊ के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमरजीत मुखिया पुत्र नरेश मुखिया निवासी पनसीहा, थाना बहादुरपुर, जनपद दरभंगा (बिहार) और शैलेश गोड़ पुत्र रामप्रीत निवासी बेलवा बाजार, थाना महुआडीह, जनपद देवरिया के रूप में हुई है।पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था), अपर पुलिस महानिदेशक अपराध तथा पुलिस महानिरीक्षक एएनटीएफ लखनऊ के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। मामले में थाना लार जनपद देवरिया पर मुकदमा संख्या 35/26 धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा

पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने बताया कि वे देवरिया निवासी एक व्यक्ति के लिए काम करते थे। उसके निर्देश पर असम राज्य से गांजा लाकर मकई के दानों के बंडलों के बीच छिपाकर देवरिया में सप्लाई करने जा रहे थे, लेकिन उससे पहले ही एएनटीएफ ने उन्हें पकड़ लिया।पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क, सप्लायर और स्थानीय लिंक की तलाश में जुट गई है। साथ ही, बरामद मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और लोकेशन खंगाली जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम

इस बड़ी कार्रवाई को एएनटीएफ थाना/यूनिट गोरखपुर की टीम ने अंजाम दिया, जिसमें प्रभारी उपनिरीक्षक रमेश राम सहित कई अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। थाना लार, देवरिया की पुलिस टीम और सर्विलांस टीम मुख्यालय लखनऊ ने भी अभियान में सहयोग किया।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *