एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । लखीमपुर खीरी के गोला क्षेत्र में गुरुवार तड़के नेशनल हाईवे पर मौत का तांडव देखने को मिला। जलालपुर मोड़ के पास घने कोहरे के बीच तेज रफ्तार कार को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही पति-पत्नी समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस मौके पर पहुंची तो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में थी
हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ। दिल्ली से बहराइच तिलक समारोह में शामिल होने जा रहा एक पूरा परिवार इस भयावह दुर्घटना का शिकार हो गया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में थी और चालक उसमें फंसा हुआ था।मृतकों में सुनील सिंह (30), उनकी पत्नी सुधा सिंह (27) और कार चालक संतोष सिंह (30) शामिल हैं।
गैस कटर से कार को काटना पड़ा
चालक का शव निकालने के लिए गैस कटर से कार को काटना पड़ा। इस मंजर को देखकर मौके पर मौजूद लोग भी सिहर उठे।हादसे में मुकेश सिंह (25) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं प्रवेश सिंह (25) और दो वर्षीय मासूम मानवी को हल्की चोटें आई हैं। सभी घायलों का इलाज जारी है।घायल प्रवेश सिंह ने बताया कि परिवार दिल्ली के राजौरी गार्डन में रहकर डेकोरेशन का काम करता था। गुरुवार को मुकेश सिंह का तिलक था, इसी खुशी में पूरा परिवार कार से बहराइच जा रहा था, लेकिन रास्ते में खुशियां मातम में बदल गईं।
घना कोहरा छाया हुआ था और दृश्यता बेहद कम थी
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, हादसे के समय सड़क पर घना कोहरा छाया हुआ था और दृश्यता बेहद कम थी। आशंका है कि कोहरे के कारण ही वाहन की टक्कर हुई, हालांकि पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।सीओ गोला रमेश कुमार तिवारी ने बताया कि कार में कुल छह लोग सवार थे। हादसा किस वाहन से हुआ है, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से बहराइच और दिल्ली दोनों जगह मातम पसरा हुआ है। तिलक की खुशियां पल भर में चीख-पुकार और आंसुओं में बदल गईं।
