एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में महेंद्र गौतम हत्याकांड में वांछित चल रहा सुपारी किलर बनारसी यादव एसटीएफ (STF) के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया। बनारसी यादव पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।जानकारी के मुताबिक, चौबेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बारियासनपुर रिंग रोड पर एसटीएफ टीम से उसकी मुठभेड़ हुई।
दो पिस्टल व कारतूस बरामद
मुठभेड़ के बाद वह घायल अवस्था में पकड़ा गया और उसे नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।पुलिस के अनुसार, बनारसी यादव बेहद शातिर किस्म का अपराधी था और उसके खिलाफ दो दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज थे। मौके से दो पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
महेंद्र गौतम हत्याकांड में वांछित था बनारसी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, थाना सारनाथ में दर्ज मुकदमा मु0अ0सं0 389/2025 के तहत बनारसी यादव समेत अन्य आरोपी वांछित थे। यह केस धारा 103(1), 3(5), 61(2), 238 बीएनएस और 3(ई)वी एससी/एसटी एक्ट के अंतर्गत दर्ज है।
इनाम बढ़ाकर 1 लाख किया गया था
पुलिस उपायुक्त जोन वरूणा, कमिश्नरेट वाराणसी की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पहले:25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया फिर 50,000 रुपये किया गया। बाद में गिरफ्तारी नहीं होने पर इनाम बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दिया गया। पुलिस रेगुलेशन पैरा 464 (क) के तहत यह इनाम घोषित था।
दूसरा आरोपी अब भी वांछित
इस केस में अरविंद यादव उर्फ फौजी उर्फ कल्लू यादव (निवासी ग्राम सिमरा फैज, थाना महाराजपुर, गाजीपुर) भी वांछित चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
