अयोध्या। जिला जेल अयोध्या से दो बंदियों के फरार होने के मामले में जेल प्रशासन पर गाज गिरनी जारी है। शुक्रवार को डीजी जेल ने एक और डिप्टी जेलर राजू उर्फ राजदीप को निलंबित कर दिया। उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। इस प्रकरण में अब तक जेल अधीक्षक समेत 12 अधिकारियों/कर्मचारियों पर निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है।
बैरक की दीवार में सेंध लगाकर दो बंदी फरार हो गए थे
दरअसल, 28 जनवरी की रात अयोध्या जिला जेल में बैरक की दीवार में सेंध लगाकर दो बंदी फरार हो गए थे। फरार बंदियों में अमेठी के मुसाफिरखाना निवासी गोलू अग्रहरि उर्फ सूरज और सुल्तानपुर का शेर अली शामिल हैं। दोनों पर हत्या, डकैती और दुष्कर्म जैसे गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
जांच में बड़ा खुलासा: बिना चेकिंग बैरक में चले गए थे बंदी
डीआईजी जेल अयोध्या रेंज शैलेंद्र कुमार मैत्रेय की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि जेल में रोजाना शाम को चेकिंग के बाद ही बंदियों को बैरक के भीतर भेजा जाता है, लेकिन फरार हुए बंदी बिना चेकिंग के बैरक में पहुंच गए।जांच में यह भी सामने आया कि दोनों बंदी अपने साथ कुछ उपकरण ले गए थे, जिसकी मदद से उन्होंने दीवार की ईंटें निकालकर रास्ता बनाया और वहां से भाग निकले। इससे साफ हुआ कि बैरक में भेजने से पहले तलाशी नहीं ली गई थी।डीआईजी शैलेंद्र कुमार के मुताबिक, उस समय चेकिंग की जिम्मेदारी डिप्टी जेलर राजू की थी। इसी लापरवाही को गंभीर मानते हुए उन्हें निलंबित किया गया है।
पहले ही 11 अधिकारी-कर्मचारी हो चुके हैं निलंबित
इससे पहले इस मामले में जेल अधीक्षक उदय प्रताप मिश्रा, जेलर जितेंद्र कुमार यादव, डिप्टी जेलर मयंक त्रिपाठी, हेड जेल वार्डर समेत कई जेलकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है। निलंबित किए गए अधिकारियों/कर्मचारियों में— जेल अधीक्षक उदय प्रताप मिश्रा, जेलर जितेंद्र कुमार यादव, डिप्टी जेलर मयंक त्रिपाठी, हेड जेल वार्डर हरिहर प्रसाद, त्रिपुरारी मिश्र, जेल वार्डर सुरेश कुमार दुबे, जयप्रकाश यादव, सुनील कुमार, रमेश सहानी, रवि यादव, मनोज शामिल हैं। अब डिप्टी जेलर राजू उर्फ राजदीप को भी सूची में जोड़ दिया गया है।
डीजी जेल पीसी मीणा का बयान
डीजी जेल पीसी मीणा ने बताया कि जांच में एक और डिप्टी जेलर की लापरवाही उजागर हुई है। इसी कारण उसे निलंबित कर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच गहनता से जारी है और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
