नई दिल्ली। लगातार रिकॉर्ड तेजी के बाद शुक्रवार को सोना और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों की मुनाफावसूली और बाजार में करेक्शन के कारण दोनों कीमती धातुओं के भाव अचानक टूट गए। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार शुरू होते ही सोना और चांदी दोनों लाल निशान में नजर आए।

MCX पर चांदी में सबसे बड़ी टूट

शुक्रवार को सबसे ज्यादा गिरावट चांदी में देखने को मिली। MCX पर चांदी का वायदा भाव करीब 24,000 रुपये टूट गया। 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी 23,993 रुपये गिरकर 3,75,900 रुपये प्रति किलो पर आ गई।

गौरतलब है कि गुरुवार को चांदी ने ऐतिहासिक तेजी दिखाते हुए पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर पार किया था और 3,99,893 रुपये पर बंद हुई थी। चांदी का लाइफ टाइम हाई 4,20,048 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया था, जहां से एक ही दिन में करीब 44,148 रुपये की बड़ी गिरावट देखने को मिली।

सोना भी 8 हजार रुपये तक सस्ता

सोने के दामों में भी तेज गिरावट आई। MCX पर सोना खुलते ही करीब 8,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार उछाल के बाद निवेशकों ने मुनाफा निकालना शुरू किया, जिससे सोने में भी दबाव बढ़ा।

घरेलू बाजार में सोना-चांदी के भाव

ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार गुरुवार को चांदी ने लगातार चौथे सत्र में बढ़त जारी रखी थी और 19,500 रुपये (5.06%) की छलांग के साथ रिकॉर्ड 4,04,500 रुपये प्रति किलो (सभी करों सहित) पर पहुंच गई थी।

वहीं, 99.9% शुद्धता वाले सोने में भी जबरदस्त उछाल दर्ज हुआ था। गुरुवार को सोना 12,000 रुपये (7.02%) बढ़कर 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) के नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था।

जनवरी में रिकॉर्ड तेजी

जनवरी में अब तक सोने की कीमतों में 24% से अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

यह लगातार छठे महीने तेजी का संकेत माना जा रहा है।

जानकारों के मुताबिक यह जनवरी 1980 के बाद सबसे बड़ी मासिक बढ़त मानी जा रही है।

वहीं चांदी की कीमतें जनवरी में करीब 62% तक उछल चुकी हैं, जो इसके इतिहास की सबसे बड़ी मासिक तेजी की ओर इशारा करती है।

प्रमुख शहरों में 24 कैरेट सोने के भाव

मुंबई: 1,70,170 रुपये/10 ग्राम

कोलकाता: 1,69,950 रुपये/10 ग्राम

दिल्ली: 1,69,880 रुपये/10 ग्राम

चेन्नई: 1,70,670 रुपये/10 ग्राम

हैदराबाद: 1,70,440 रुपये/10 ग्राम

बंगलूरू: 1,70,310 रुपये/10 ग्राम

विशेषज्ञों के अनुसार दक्षिण भारत में सोने के भाव उत्तर भारत के मुकाबले अधिक बने हुए हैं।

प्रमुख शहरों में चांदी के भाव

मुंबई: 4,01,760 रुपये/किलो

दिल्ली: 4,01,060 रुपये/किलो

चेन्नई: 4,02,920 रुपये/किलो

हैदराबाद: 4,02,390 रुपये/किलो

बंगलूरू: 4,02,070 रुपये/किलो

कोलकाता: 3,86,420 रुपये/किलो

चांदी में तेजी की वजह क्या?

बाजार विश्लेषकों के मुताबिक चांदी की कीमतों को एआई डेटा सेंटर, सौर ऊर्जा सेक्टर में बढ़ती मांग और भौतिक आपूर्ति सीमित होने से मजबूती मिली थी, जिसके कारण इसमें असाधारण तेजी देखी गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी उतार-चढ़ाव

शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी हल्की गिरावट देखने को मिली।

कॉमेक्स पर सोना घटकर 5,412.40 डॉलर/औंस पर आ गया, जबकि एक दिन पहले यह 5,500 डॉलर के करीब था।

इससे पहले सोने ने 5,586.20 डॉलर/औंस का ऐतिहासिक उच्च स्तर छुआ था।

कॉमेक्स पर चांदी भी नरमी के साथ 117.45 डॉलर/औंस पर आ गई, जबकि पहले यह 119 डॉलर/औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची थी।

विशेषज्ञों की राय

विश्लेषकों का कहना है कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता, केंद्रीय बैंकों की नीतियों को लेकर असमंजस और भू-राजनीतिक तनाव के चलते सोना-चांदी सुरक्षित निवेश के तौर पर मजबूत बने हुए हैं। हालांकि रिकॉर्ड स्तर के बाद बाजार में करेक्शन आना स्वाभाविक है, जिससे शुक्रवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *