एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) में आयोजित ‘एआई मंथन’ के समापन सत्र में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने एआई के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताते हुए कहा कि एआई का जितना सकारात्मक उपयोग हो रहा है, उतना ही इसका दुरुपयोग भी बढ़ रहा है।उन्होंने कहा कि ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें एआई के जरिए समाज में विकृति फैलाने की कोशिश की गई। राज्यपाल ने बच्चों को एआई के सही उपयोग के लिए प्रेरित करने पर जोर देते हुए कहा कि एआई का गलत इस्तेमाल करने वालों को दंड मिलना जरूरी है।
AKTU और कानपुर विश्वविद्यालय के संयुक्त कार्यक्रम में कई अहम सुझाव
AKTU और छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यपाल ने सुझाव दिया कि किसी भी किताब का अनुवाद कई लोग मिलकर और एआई की मदद से कर सकते हैं।उन्होंने कहा कि कार्यशाला के अनुभवों को शिक्षकों के साथ साझा कर उन्हें जिम्मेदारी दी जाए और इसमें शोध छात्रों को भी जोड़ा जाए।राज्यपाल ने कहा कि गरीब बच्चों को एआई का इस्तेमाल कर शिक्षा से जोड़ने के लिए प्रयास करने होंगे।
भारत को AI में आत्मनिर्भर बनाना जरूरी: प्रो. अर्नब भट्टाचार्या
आईआईटी कानपुर के डिपार्टमेंट ऑफ कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के प्रो. अर्नब भट्टाचार्या ने कहा कि एआई के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाना बेहद जरूरी है।कार्यक्रम में चयनित स्टार्टअप्स को राज्यपाल ने सम्मानित भी किया।
AI वायरस टेस्टिंग एप जल्द: एमिटी यूनिवर्सिटी
कार्यक्रम में एमिटी यूनिवर्सिटी के प्रति कुलपति प्रो. एमके दत्ता ने कहा कि जेनेरेटिव एआई, कम्प्यूटर विजन, लैंग्वेज मॉडल और मल्टीमॉडल लर्निंग के जरिए बायोमेडिकल फील्ड में बड़े बदलाव संभव हैं।उन्होंने बताया कि एआई सर्वाइकल कैंसर की जांच में अहम भूमिका निभा रहा है, जिससे खतरे का जल्दी पता चल रहा है और इलाज आसान हो रहा है।साथ ही उन्होंने कहा कि ब्रेस्ट कैंसर की पहचान और पूर्वानुमान भी एआई से संभव है।प्रो. दत्ता ने जानकारी दी कि एआई आधारित वायरस टेस्टिंग एप पर काम चल रहा है, जो विभिन्न जांचें करने में सक्षम होगा।
AI OPD बताएगी बीमारी और दवा की डोज
AKTU के इनोवेशन हब में इनक्यूबेट हो रहे स्टार्टअप ‘आई एसिस्ट ओपीडी’ को भी कार्यक्रम में प्रस्तुत किया गया। स्टार्टअप से जुड़े शुभम राय और पवन राजू ने मरीज पर AI OPD मैनेजमेंट सिस्टम का परीक्षण करके दिखाया।शुभम राय ने बताया कि ओपीडी में मरीजों की संख्या अधिक होती है, ऐसे में डॉक्टर सभी को पर्याप्त समय नहीं दे पाते।
AI OPD सिस्टम मरीज की जानकारी के आधार पर डॉक्टर को सुझाव देगा कि कौन-कौन से टेस्ट जरूरी हैं। इसके साथ ही यह मरीज के वजन, उम्र और पहले ली गई दवाओं के आधार पर दवा की डोज की सलाह भी देगा।
कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख लोग
कार्यक्रम में आईआईटी कानपुर के डॉ. नितिन सक्सेना, इग्नू दूरस्थ शिक्षा के निदेशक डॉ. रमेश शर्मा, प्रो. विनय पाठक, प्रो. शशि भूषण पांडेय, प्रो. केपी सिंह, प्रो. जेपी पांडेय, प्रो. जेपी सैनी समेत कई विशेषज्ञ मौजूद रहे।
यह भी पढ़े : बारामती में विमान हादसा, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच की मौत
यह भी पढ़े : बांदा में पैतृक संपत्ति विवाद ने ली 2 जानें, चाची के ताने से आहत भाई-बहन ने खाया जहर
यह भी पढ़े : बिजली निजीकरण के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन तेज, 12 फरवरी को हड़ताल का ऐलान
