स्पेन । दक्षिणी स्पेन में रविवार को एक भीषण रेल दुर्घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। कॉर्डोबा प्रांत के आदमूज इलाके के पास दो तेज रफ्तार ट्रेनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें अब तक कम से कम 20 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 70 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
दोनों ट्रेनों में मिलाकर करीब 500 यात्री सवार थे
प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों के अनुसार, मलागा से मैड्रिड की ओर जा रही एक हाई-स्पीड ट्रेन अचानक पटरी से उतर गई और विपरीत दिशा से आ रही दूसरी ट्रेन से टकरा गई। हादसे के वक्त दोनों ट्रेनों में मिलाकर करीब 500 यात्री सवार थे, जिससे नुकसान और अधिक बढ़ गया।
कई यात्री अब भी क्षतिग्रस्त डिब्बों में फंसे होने की आशंका
स्पेन के रेल नेटवर्क का संचालन करने वाली एजेंसी एडीआईएफ ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि टक्कर के तुरंत बाद पूरे क्षेत्र में आपातकाल घोषित कर दिया गया। घटनास्थल पर सिविल गार्ड, दमकल विभाग और मेडिकल टीमें पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। कई यात्री अब भी क्षतिग्रस्त डिब्बों में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।अंडालूसिया प्रांत की आपातकालीन सेवाओं ने बताया कि मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है, क्योंकि कई घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
सभी हाई-स्पीड रेल सेवाएं तत्काल प्रभाव से निलंबित
घायलों को इलाज के लिए छह अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि मैड्रिड के प्रमुख अस्पतालों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।हादसे के बाद एहतियातन मैड्रिड और अंडालूसिया के बीच चलने वाली सभी हाई-स्पीड रेल सेवाएं तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी गई हैं।
प्रारंभिक स्टेशनों पर वापस भेज दिया
रास्ते में चल रही ट्रेनों को उनके प्रारंभिक स्टेशनों पर वापस भेज दिया गया है।रेड क्रॉस ने कॉर्डोबा और जैन से कई एंबुलेंस घटनास्थल पर भेजीं और यात्रियों के लिए भोजन, पानी और प्राथमिक सहायता की व्यवस्था की। वहीं, स्पेन की सिविल गार्ड ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
