शामली/मेरठ।उत्तर प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को बड़ी कामयाबी मिली है। एएनटीएफ थाना मेरठ की टीम ने अन्तर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय गांजा तस्कर को धर दबोचते हुए उसके कब्जे से 61.180 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 31 लाख रुपये आंकी गई है।पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मारुति बलेनो कार, तीन मोबाइल फोन, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, चार बैंक कार्ड और 5,390 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
टोल प्लाजा के पास दबोचा गया तस्कर
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजेश कुमार (41 वर्ष) पुत्र ईश्वर सिंह, निवासी ग्राम बोढा, थाना छपरौली, जनपद बागपत के रूप में हुई है। उसे 08 जनवरी 2026 को सहारनपुर-शामली मार्ग पर दभेड़ी टोल प्लाजा से करीब 300 मीटर पहले, थाना थानाभवन क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
जेल से छूटते ही फिर शुरू की नशे की सप्लाई
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह पहले आंध्र प्रदेश से गांजा लाकर बागपत क्षेत्र में थोक बिक्री करता था। वर्ष 2024 में उसकी गाड़ी गौतमबुद्धनगर के कासना क्षेत्र में पकड़ी गई थी, जिसके बाद वह जेल चला गया।जेल से छूटने के बाद उसने फिर से गांजा तस्करी का नेटवर्क सक्रिय कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसे बंगाल की एक महिला सहारनपुर में गांजा सप्लाई करती थी, जिसे वह शामली और बागपत में बेचता था। प्रति किलो गांजे पर उसे करीब 1000 रुपये का मुनाफा होता था।
NDPS एक्ट में केस दर्ज
मामले में थाना थानाभवन, जनपद शामली में मु0अ0सं0-10/2026, धारा 8/20/29/60 NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) और अपर पुलिस महानिदेशक अपराध के निर्देशन एवं पुलिस महानिरीक्षक, एएनटीएफ लखनऊ के नेतृत्व में की गई।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
इस सफल ऑपरेशन को एएनटीएफ थाना मेरठ की टीम ने अंजाम दिया, जिसमें—
उप निरीक्षक राजेन्द्र कुमार
उप निरीक्षक तुषार सिंह
हेड कांस्टेबल पंकज कुमार
कांस्टेबल अंकित
कांस्टेबल रोहित
साथ ही एएनटीएफ मुख्यालय लखनऊ की सर्विलांस टीम और थाना थानाभवन पुलिस ने सहयोग किया।
पुलिस का दावा
एएनटीएफ अधिकारियों के अनुसार, इस गिरफ्तारी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क को झटका लगा है। आगे की जांच में सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
