एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । राजधानी में बुधवार को उस वक्त खौफ और सनसनी फैल गई, जब गोमती नदी में महज एक घंटे के भीतर युवक और युवती के शव उतराते मिले। गोमती नगर रिवर फ्रंट से लेकर समता मूलक चौराहे तक लोगों की भीड़ जुट गई। अचानक मिली इन दो लाशों ने पुलिस महकमे को भी सकते में डाल दिया। फिलहाल दोनों शवों की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस हत्या या आत्महत्या—हर एंगल से जांच कर रही है।
पहली लाश: रिवर फ्रंट पर उतराता मिला सड़ा-गला शव
बुधवार सुबह करीब 11 बजे एसीपी गोमतीनगर कार्यालय के पीछे गोमती रिवर फ्रंट के पास नदी में एक युवक का शव उतराता देख लोगों ने शोर मचा दिया। सूचना मिलते ही गोमतीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया, लेकिन नजारा बेहद भयावह था—शव पूरी तरह सड़ चुका था।युवक के शरीर पर नीली पैंट, नीली टी-शर्ट और बेल्ट मौजूद थी, लेकिन आसपास के लोग भी उसकी पहचान नहीं कर सके।
दूसरी लाश: समता मूलक चौराहे के नीचे युवती का शव
पहली घटना के ठीक एक घंटे बाद, दोपहर करीब 12 बजे समता मूलक चौराहे के पास पुल के नीचे नदी में एक युवती का शव दिखाई दिया। कंट्रोल रूम की सूचना पर पुलिस टीम वहां पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया गया।युवती ने काले रंग का टॉप, नीली जींस, गुलाबी जूते, सफेद मोजे पहन रखे थे और कानों में रंग-बिरंगी बालियां थीं। पुलिस ने शिनाख्त की कोशिश की, लेकिन यहां भी कोई सफलता नहीं मिली।
तीन-चार दिन पुराना शव, उम्र पर अंदाजा
पुलिस के मुताबिक युवक की उम्र करीब 35 वर्ष और युवती की उम्र करीब 25 वर्ष आंकी गई है। युवती का शव तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों शव कहीं और से बहकर आए और बैराज में फंस गए।बुधवार को जैसे ही बैराज का गेट खोला गया, गोमती ने अपने भीतर छुपे राज उगल दिए। एक के बाद एक दो शव सामने आ गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
सोशल मीडिया पर फोटो वायरल, 72 घंटे बाद पोस्टमार्टम
शवों की पहचान के लिए पुलिस ने दोनों के फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिए हैं। इसके साथ ही लखनऊ के सभी थानों और आसपास के जिलों को भी तस्वीरें भेजी गई हैं।इंस्पेक्टर गोमतीनगर बृजेश चंद्र तिवारी के मुताबिक, यदि 72 घंटे के भीतर पहचान नहीं हो पाती है, तो दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत की असली वजह सामने आ सके।
कई सवाल, जवाब की तलाश
एक ही दिन, एक ही इलाके में दो लाशें—क्या है कनेक्शन?
हत्या, आत्महत्या या कोई और साजिश?
गोमती में कब और कैसे पहुंचे ये शव?
फिलहाल गोमतीनगर पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है, लेकिन गोमती नदी में मिले दो अज्ञात शवों ने पूरे शहर को दहशत में डाल दिया है।
यह भी पढ़े : मौलाना तौकीर रजा के बेटे की कार रोडवेज बस से भिड़ी, ड्रग्स मिलने से हड़कंप
यह भी पढ़े : ओवरलोड ट्रक रिश्वत मामला: लखनऊ, रायबरेली और फतेहपुर के एआरटीओ निलंबित
