एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । केजीएमयू के रेजीडेंट डॉक्टर रमीज मलिक के खिलाफ यौन शोषण और जबरन धर्म परिवर्तन के गंभीर आरोपों के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिला न्यायालय ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया है। इसके बावजूद रमीज मलिक अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर है।
पीड़िता का मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराया गया
डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव के अनुसार, गुरुवार को पीड़िता का मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराया गया, जिसमें उसने एफआईआर में लगाए गए सभी आरोपों की पुष्टि की। इसी आधार पर पुलिस ने कोर्ट में गैर-जमानती वारंट के लिए आवेदन किया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन अलग-अलग टीमें गठित
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। उत्तराखंड के खटीमा, बरेली समेत कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन हर बार पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। रमीज मलिक का मोबाइल फोन लगातार बंद मिल रहा है, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही। पुलिस अब उसके करीबी रिश्तेदारों और परिचितों के मोबाइल नंबरों की तकनीकी निगरानी कर रही है।चौक कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नागेश उपाध्याय ने बताया कि यदि गैर-जमानती वारंट के बावजूद आरोपी गिरफ्तारी से बचता रहा, तो उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
क्या है पूरा मामला
पीड़िता, जो स्वयं केजीएमयू की रेजीडेंट डॉक्टर है, ने रमीज मलिक पर दोस्ती का भरोसा तोड़कर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, अगस्त माह में आरोपी उसके किराये के कमरे पर पहुंचा और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।सितंबर में पीड़िता को गर्भवती होने की जानकारी हुई। आरोप है कि इस बारे में बात करने पर रमीज ने दवा देकर जबरन गर्भपात करा दिया। बाद में पीड़िता को यह भी पता चला कि रमीज पहले से शादीशुदा है और उसने एक हिंदू युवती का धर्म परिवर्तन कराकर निकाह किया था।
शादी और धोखे को लेकर सवाल उठाए
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने शादी और धोखे को लेकर सवाल उठाए, तो आरोपी ने उस पर भी धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया और ब्लैकमेल किया। मानसिक प्रताड़ना से टूट चुकी पीड़िता ने 17 दिसंबर की सुबह दवाओं की अधिक मात्रा खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था, जिसके बाद मामला सामने आया।फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
यह भी पढ़े : ओवरलोड ट्रक रिश्वत मामला: लखनऊ, रायबरेली और फतेहपुर के एआरटीओ निलंबित
यह भी पढ़े : यूपी में आईएएस अधिकारियों का बड़ा फेरबदल, कई अफसरों को नई जिम्मेदारी
