एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर लोक भवन परिसर स्थित अटल प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अटलजी को नमन करते हुए उन्हें राष्ट्र का महान सपूत और सुशासन का प्रतीक बताया।
अटलजी का जीवन और विचार आज भी जनसेवा के लिए मार्गदर्शक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की पावन जयंती है। उनका विराट व्यक्तित्व हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। अटलजी ने राष्ट्र के विकास और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों को सुशासन दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अटलजी का जीवन और विचार आज भी जनसेवा के लिए मार्गदर्शक हैं।
अटल जी का उत्तर प्रदेश से गहरा व आत्मीय संबंध रहा
सीएम योगी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का उत्तर प्रदेश से गहरा और आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश से कई बार संसद में प्रतिनिधित्व किया और लखनऊ से सांसद रहते हुए देश के प्रधानमंत्री के रूप में भारत को विकास का नया विजन दिया। उनके नेतृत्व में देश ने आधारभूत संरचना, सड़क, संचार और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की।
अटलजी की जन्मशती का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया जा रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वर्ष विशेष है, क्योंकि पूरे देश में अटलजी की जन्मशती महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया जा रहा है। इस अवसर पर देशभर में उनकी कविताओं के काव्य पाठ, उनके लेखन, पत्रकारिता, संसदीय योगदान और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर दिए गए प्रभावशाली भाषणों पर आधारित विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनसे युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिल रही है।
अपनी कुशल नेतृत्व क्षमता से देशवासियों का विश्वास जीता
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि अटलजी की पैतृक भूमि आगरा जनपद के बटेश्वर में है। उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा कानपुर जनपद से प्राप्त की और सार्वजनिक जीवन की शुरुआत बलरामपुर जनपद से की। देश की संसद में उन्होंने सर्वाधिक समय तक उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया और अपनी कुशल नेतृत्व क्षमता से देशवासियों का विश्वास जीता।
यह स्थल आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार अटलजी की स्मृतियों और उनके विचारों को जीवंत बनाए रखने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में लखनऊ में एक भव्य ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का निर्माण किया गया है, जिसे शीघ्र ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर कमलों से राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। यह स्थल आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और सुशासन की प्रेरणा देगा।
अटल जी के आदर्शो पर चला का लिया गया संकल्प
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अटलजी के व्यक्तित्व और कृतित्व को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प भी लिया गया।
यह भी पढ़े : कोई न रहे परेशान, सरकार दे रही बिजली बिल में बड़ी राहत
यह भी पढ़े : युवा महिलाओं में बढ़ता स्तन कैंसर खतरा, देर से इलाज बन रहा जानलेवा
यह भी पढ़े : सीएम योगी का बड़ा बयान: यूपी में कोडीन कफ सिरप से कोई मौत नहीं
यह भी पढ़े : माघ मेला 2025 : डीजीपी राजीव कृष्ण ने भीड़ प्रबंधन और आपदा तैयारी पर दिया जोर
