एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नसीराबाद थाना क्षेत्र में ईदगाह के पास निजी जमीन पर मिट्टी खोदाई के दौरान मिट्टी का टीला अचानक धंस गया, जिससे चार मजदूर उसके नीचे दब गए। इस हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

लगातार खनन से बन गया था गहरा गड्ढा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कस्बा नसीराबाद के सुहल्ला पुरानी कोठी निवासी श्रमिक ब्रजेश कुमार कोरी, इरफान, ब्रजलाल और रोहित ईदगाह के पास स्थित एक व्यक्ति की निजी भूमि पर फावड़े से मिट्टी खोदकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भर रहे थे। बताया जा रहा है कि उक्त जमीन पर बीते करीब एक माह से जेसीबी मशीन के जरिए लगातार खनन किया जा रहा था, जिससे वहां गहरा गड्ढा बन गया था।

चारों मजदूर उसी गड्ढे के अंदर काम कर रहे थे

बुधवार को चारों मजदूर उसी गड्ढे के अंदर काम कर रहे थे, तभी अचानक ऊपर से मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर पड़ा। देखते ही देखते चारों मजदूर मिट्टी के नीचे दब गए। मजदूरों की चीख-पुकार सुनकर पास में काम कर रहे अन्य श्रमिक मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मिट्टी हटाकर चारों को बाहर निकाला।

इरफान की हालत अभी भी नाजुक

सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नसीराबाद ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने 22 वर्षीय ब्रजेश कुमार कोरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं हालत गंभीर होने पर ब्रजलाल और इरफान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान 60 वर्षीय ब्रजलाल ने भी दम तोड़ दिया। इरफान की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है, जबकि रोहित का उपचार सीएचसी नसीराबाद में जारी है।

ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से फरार

घटना की सूचना मिलते ही नसीराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नसीराबाद थानाध्यक्ष पवन कुमार सोनकर ने बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।

तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि खनन कार्य वैध था या अवैध, और क्या सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी। इस हादसे ने एक बार फिर बिना सुरक्षा उपायों के चल रहे खनन कार्यों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़े : कोई न रहे परेशान, सरकार दे रही बिजली बिल में बड़ी राहत

यह भी पढ़े : युवा महिलाओं में बढ़ता स्तन कैंसर खतरा, देर से इलाज बन रहा जानलेवा

यह भी पढ़े : सीएम योगी का बड़ा बयान: यूपी में कोडीन कफ सिरप से कोई मौत नहीं

यह भी पढ़े : माघ मेला 2025 : डीजीपी राजीव कृष्ण ने भीड़ प्रबंधन और आपदा तैयारी पर दिया जोर

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *