मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा में कोडीन कफ सिरप मामले पर विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश में कोडीन कफ सिरप से किसी भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई है। विपक्ष सदन और जनता को गुमराह कर रहा है। इस पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच की तह तक जाने पर समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों की संलिप्तता सामने आएगी।
विपक्ष गुमराह कर रहा : मुख्यमंत्री
सोमवार को शीतकालीन सत्र के दौरान प्रश्नकाल में विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री, जो सदन के नेता भी हैं, ने कहा कि सदस्य प्रश्न कुछ और पूछ रहे हैं और सदन में बात कुछ और कही जा रही है। मुद्दा नकली दवाओं से मौत का बताया जा रहा है, जबकि वास्तविकता यह है कि कोडीन कफ सिरप से यूपी में किसी की मौत नहीं हुई। उन्होंने कहा कि विधानसभा के नियमों को पढ़कर आना चाहिए।
2016 में सपा सरकार ने जारी किया था लाइसेंस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एसटीएफ ने जिस होलसेलर को पकड़ा है, उसे वर्ष 2016 में समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान लाइसेंस जारी किया गया था। यह मामला अवैध डायवर्जन से जुड़ा है, जिसमें कोडीन कफ सिरप को उन देशों तक पहुंचाया गया, जहां इस पर प्रतिबंध है।
अवैध डायवर्जन और गलत इस्तेमाल का मामला
सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि कोडीन कफ सिरप दवा है, जिस पर साफ लिखा होता है कि इसका सेवन डॉक्टर की सलाह से किया जाए। लेकिन कुछ लोगों ने इसका गलत इस्तेमाल किया और इसे अवैध रूप से सप्लाई किया। सरकार इस पूरे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने बताया कि अब तक इस मामले में
78 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है
प्रदेशभर में 134 फर्मों पर छापेमारी की गई है
225 अभियुक्तों को नामजद किया गया है
सपा नेताओं से जुड़े ट्रांजैक्शन की जांच
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जांच में सामने आया है कि लेन-देन समाजवादी पार्टी की लोहिया वाहिनी के एक पदाधिकारी के खाते से हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर इस मामले की परतें खोली जाएंगी तो सपा का ही कोई न कोई व्यक्ति सामने आएगा।
एनडीपीएस एक्ट के तहत होगी कार्रवाई
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार कोर्ट में मजबूती से खड़ी है और इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे चलेंगे। आरोपियों के साथ सपा नेताओं की तस्वीरें भी सामने आ रही हैं। जो भी व्यक्ति इस मामले में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
“बुलडोजर कार्रवाई के लिए तैयार”
मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि बुलडोजर कहीं गया नहीं है, वह कार्रवाई के लिए तैयार खड़ा है। बुलडोजर चलने पर कोई परेशान न हो, लेकिन अपराधियों को जरूर डरना चाहिए।
सदन में हंगामा, सपा का विरोध प्रदर्शन
इससे पहले सोमवार सुबह 11 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कोडीन कफ सिरप का मामला उठाया। सपा सदस्य अतुल प्रधान ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरा। इसके बाद सपा सदस्यों ने वेल में पहुंचकर जोरदार विरोध किया।
चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया
सदन की कार्यवाही के बाद समाजवादी पार्टी के विधायकों ने विधान भवन परिसर में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया और कोडीन कफ सिरप समेत अन्य मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।सरकार और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर तीखी राजनीतिक जंग के संकेत साफ नजर आए, वहीं मुख्यमंत्री ने दोहराया कि कानून अपना काम करेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा।
