एसएमयूपीन्यूज,मऊ।मऊ जिले में जनवरी से नवंबर 2025 तक 313 सड़क दुर्घटनाओं में 173 लोगों की मौत हुई है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 4.49 प्रतिशत अधिक है। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र और पुलिस अधीक्षक इलमारन ने लोगों से ओवरस्पीडिंग और नशे में वाहन न चलाने की अपील की।
पिछले वर्ष की तुलना में 20 प्रतिशत अधिक
शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में सेवा फाउंडेशन ने उन स्थलों का सर्वे प्रस्तुत किया, जहां दो या दो से अधिक मौतें हुई हैं। सर्वे में सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण रोड साइनेज, रिफ्लेक्टर, एरो पट्टी, रंबल स्ट्रिप, पटरी का अभाव, लिंक रोड पर ब्रेकर एवं टी साइनेज की कमी और नेशनल हाईवे पर अवैध खड़े भारी वाहन बताए गए।अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी ने बताया कि केवल नवंबर माह में 34 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 24 लोगों की मौत हुई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 20 प्रतिशत अधिक है।
अवैध भारी वाहनों के चालान एवं सीज की प्रक्रिया शुरू
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को एक हफ्ते में कार्य योजना तैयार करने और तुरंत लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों में बच्चों और अभिभावकों को यातायात नियमों की जानकारी देने और नेशनल हाईवे पर अवैध भारी वाहनों के चालान एवं सीज की प्रक्रिया शुरू करने के भी निर्देश दिए।बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्रतिनिधि, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, एआरटीओ, जिला आबकारी अधिकारी, नगर पालिका परिषद अधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े : कोई न रहे परेशान, सरकार दे रही बिजली बिल में बड़ी राहत
यह भी पढ़े : मथुरा: यमुना एक्सप्रेस-वे पर कोहरे का कहर, 7 बसें व 3 कारें टकराईं, 13 की मौत
