एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ ।सूबे की आईपीएस बिरादरी में उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस ने मंगलवार देर रात पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को चलती ट्रेन से शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर ड्रामाई अंदाज में गिरफ्तार कर लिया। लखनऊ पुलिस को उनकी लोकेशन सर्विलांस के जरिए ट्रेन में मिल गई थी।
अमिताभ ठाकुर लखनऊ से नई दिल्ली जा रहे थे
सूत्रों के मुताबिक, अमिताभ ठाकुर लखनऊ से नई दिल्ली जा रहे थे। ट्रेन की बोगी में वह नींद में थे, तभी पुलिस की टीम उन तक पहुंच गई। आरोप है कि गिरफ्तारी के दौरान उन्होंने पुलिस को चकमा देने और टकराव की कोशिश की, लेकिन इस बार उनके सारे हथकंडे फेल हो गए।यही नहीं, जिन पुलिस वालों के बीच कभी उनका रसूख था, वही वर्दीधारी अब उन्हें ट्रेन से नीचे उतार रहे थे। घटनास्थल पर मौजूद यात्रियों के बीच अचानक हुई इस कार्रवाई से सन्नाटा और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
देवरिया में जमीन घोटाले के केस में हुई गिरफ्तारी
पूर्व आईपीएस पर देवरिया जिले में जमीन के नाम पर धोखाधड़ी के एक गंभीर मामले में मुकदमा दर्ज है। यही वजह है कि उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी गई है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, जब अमिताभ ठाकुर देवरिया के एसपी थे, तभी उन्होंने विवादित जमीन ली थी। इस पर धोखाधड़ी और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज हुआ।प्रकरण की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई थी।
लखनऊ में भी दर्ज हैं मामले, पत्नी को दी गई सूचना
राजधानी लखनऊ के तालकटोरा थाने में भी कई धाराओं में उनके खिलाफ केस है।इंस्पेक्टर तालकटोरा कुलदीप कुमार दुबे ने बुधवार सुबह उनकी पत्नी नूतन ठाकुर को गिरफ्तारी की जानकारी दी, जिसके बाद खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
अब पुलिस उन्हें देवरिया भेजने की तैयारी में
लखनऊ के डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया देवरिया के जमीन घोटाले में अमिताभ ठाकुर के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। सूचना पर पुलिस ने शाहजहांपुर स्टेशन से गिरफ्तार किया है।अब पुलिस उन्हें देवरिया भेजने की तैयारी में है, जहाँ कोर्ट में पेशी होगी।
IPS से सलाखों तक — बढ़ती मुसीबतें
जबरन रिटायर किए जाने के बाद से ही लगातार सुर्खियों में रहने वाले अमिताभ ठाकुर पुलिस से बचने की कोशिश करते रहे,लेकिन इस बार गिरफ्तारी के बाद उनकी मुश्किलें और गहरी हो चुकी हैं।
पत्नि के मुताबिक अमिताभ ठाकुर जा रहे थे दिल्ली
इस संबंध में पूर्व आईपीएस की पत्नी नूतन ठाकुर ने बुधवार को बताया कि तालकटोरा थाना प्रभारी ने उन्हें बताया कि पूर्व आईपीएस ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें अपने साथ देवरिया लेकर जा रही है। हालांकि नूतन ठाकुर भी अभी किसी काम के सिलसिले में शहर के बाहर हैं।नूतन के मुताबिक, उनके पति दिल्ली जा रहे थे। रात में उन्होंने अपने पति को फोन किया, पर उठा नहीं। इसके कुछ देर बाद फोन बंद हो गया। उन्होंने इसकी शिकायत आरपीएफ से की। पुलिस काे भी फाेन किया।
आरोप, जबरदस्ती सिविल विवाद को अपराधिक केस में बदला जा रहा
बुधवार सुबह तालकटोरा थाना प्रभारी ने फोन कर उन्हें बताया कि उनके पति अमिताभ ठाकुर को गिरफ्तार कर देवरिया ले जाया जा रहा है।नूतन ठाकुर ने यह भी बताया कि पुलिस देवरिया के एक मामले में उनके पति को उठाने की बात कह रही है, जबकि 26 साल पुराने सामान्य सिविल विवाद को अब जबरदस्ती आपराधिक केस में बदला जा रहा है। उनके खिलाफ जबरन एफआईआर दर्ज कराई है। वे जल्द ही सबूत पेश खुद को निर्दोष साबित करेंगी।
