एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने अंतरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तारी के दौरान दोनों के कब्जे से 523 ग्राम प्रतिबंधित ड्रग्स एमडीएमए बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 80 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा मोबाइल फोन, 2,500 रुपये नगद, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और एक टाटा सफारी वाहन भी जब्त किया गया।
यूपी के अलावा अन्य कई राज्यों में करता था तस्करी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहमद मुजीब पुत्र मोहमद अनीस, निवासी लोधिपुरवा खंदारी बाजार, लालबाग, लखनऊ और मुकेश सिंह पुत्र ननकू सिंह, निवासी बहुताचक डाही, थाना सुरियावां, जनपद संत रविदास नगर, भदोई के रूप में हुई है।एसटीएफ की टीम ने यह कार्रवाई गब्बर ढाबा के पास, सुलतानपुर रोड, थाना गोसाईगंज, कमिश्नरेट लखनऊ में आज सुबह 8:55 बजे की। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनका एक संगठित गिरोह उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मुंबई, बिहार सहित कई राज्यों में एमडीएमए की तस्करी करता रहा है। मोहमद मुजीब ने यह ड्रग्स घर पर ही प्रतिबंधित कैमिकल मिलाकर बनाता था और उसकी तैयारी का तरीका वाराणसी निवासी अभय सिंह से सीखा था।
लंबे समय से ड्रग्स उत्पादन और वितरण कर रहा था
एसटीएफ सूत्रों के अनुसार, गिरोह लंबे समय से मांग के अनुसार ड्रग्स का उत्पादन और वितरण कर रहा था। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध थाना गोसाईगंज में मुकदमा एनडीपीएस एक्ट में दर्ज किया गया है। एसटीएफ टीम अब गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई नेटवर्क की पहचान व गिरफ्तारी के लिए लगातार जांच कर रही है।इस कार्यवाही में एसपी एसटीएफ धर्मेश कुमार शाही के नेतृत्व में निरीक्षक राघवेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक अतुल चतुर्वेदी, उ0नि0 देवेन्द्र पाल, उ0नि0 अरशद खान, मु0आ0 नीरज पाण्डेय, मु0आ0 राम निवास शुक्ल, मु0आ0 राजीव कुमार और आरक्षी श्री राम सिंह शामिल रहे।
यह भी पढ़े : यूपी में बिजली उपभोक्ताओं पर बढ़ा बोझ, दिसंबर में बढ़कर आएगा बिल
यह भी पढ़े : उप्र कैबिनेट बड़ा निर्णय: अयोध्या में 52 एकड़ में बनेगा विश्वस्तरीय मंदिर संग्रहालय
