एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । उत्तर प्रदेश में अब आधार कार्ड से जुड़े काम करवाने में लोगों को लंबी लाइनों और बार-बार बैंक–डाकघर के चक्कर लगाने से राहत मिलने वाली है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) प्रदेश में 59 नए आधार सेवा केंद्र (ASC) खोलने जा रहा है। ये केंद्र सीधे यूआईडीएआई द्वारा संचालित होंगे और बड़े पैमाने पर आधार बनाने व अपडेट करने की सुविधा उपलब्ध कराएंगे।
यूपी के 12 जिलों में ही आधार सेवा केंद्र चल रहे
वर्तमान में यूपी के 12 जिलों में ही आधार सेवा केंद्र चल रहे हैं, जबकि बाकी जिलों में यह सुविधा अधिकतर बैंकों और डाक घरों में सीमित संसाधनों के साथ संचालित हो रही है। इससे आधार संबंधी काम बेहद धीमी गति से हो पाते थे। लेकिन अब UIDAI की यह पहल आम जनता के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
प्रदेश के 71 जिलों में आधार सेवा केंद्रों की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी
अगले तीन महीनों में नए 59 केंद्र शुरू हो जाएंगे। इस तरह प्रदेश के 71 जिलों में आधार सेवा केंद्रों की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। केवल चित्रकूट, बागपत, महोबा और ललितपुर जिलों को फिलहाल इससे बाहर रखा गया है—इन जिलों के लोगों को नजदीकी जिले में यह सुविधा मिलेगी।नए केंद्रों में एक जिले में 4 से 16 मशीनों की व्यवस्था होगी, जो उस जिले की जनसंख्या के आधार पर तय की गई है। अधिक मशीनें होने से प्रतिदिन ज्यादा लोगों का काम तेजी से निपटेगा।
अतिरिक्त 59 आधार सेवा केंद्रों की स्थापना की जा रही
UIDAI के उपमहानिदेशक प्रशांत कुमार सिंह के अनुसार, समीक्षा में पाया गया कि विभिन्न जिलों में आधार अपडेट और नामांकन के लिए अधिक क्षमता की जरूरत है। इसलिए अतिरिक्त 59 आधार सेवा केंद्रों की स्थापना की जा रही है। इससे लाखों लोगों को लाभ मिलेगा और आधार सेवाओं की पहुंच मजबूत होगी।आधार से जुड़ी सभी सुविधाएं—नई नामांकन से लेकर एड्रेस, मोबाइल नंबर, बायोमैट्रिक्स अपडेट तक—अब आसानी और तेजी से हो सकेंगी।
यह भी पढ़े : यूपी में बिजली उपभोक्ताओं पर बढ़ा बोझ, दिसंबर में बढ़कर आएगा बिल
यह भी पढ़े : उप्र कैबिनेट बड़ा निर्णय: अयोध्या में 52 एकड़ में बनेगा विश्वस्तरीय मंदिर संग्रहालय
