एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ ।यूपी की राजधानी लखनऊ से एक हैरान कर देने वाला मामला प्रकाश में आया है। यहां काकोरी में शीतला माता मंदिर प्रांगण में बीमार बुजुर्ग के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। 65 वर्षीय रामपाल, जो सांस की बीमारी से पीड़ित हैं, गलती से मंदिर परिसर में पेशाब कर बैठे। इसके बाद वहां पहुंचे स्वामी कांत उर्फ पम्मू ने रामपाल पर मंदिर को अपवित्र करने का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट करने के साथ बेहद घिनौनी हरकत की।
बुजुर्ग से शुद्धि के नाम पर मंदिर परिसर धुलवाया
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दलित बुजुर्ग ने कई गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना के दौरान आरोपी ने उन्हें भद्दी गालियां दीं और फिर उनसे पेशाब चटवाई इसके बाद मंदिर की शुद्धि के नाम पर मंदिर परिसर को पानी से धोवा लिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने जातिसूचक गालियां भी दीं।पीड़ित रामपाल ने काकोरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और न्याय की मांग की है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। वहीं इस घटना के बाद गांव वालों ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कराई की मांग की है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग काफी दिनों से बीमार चल रहा है।
पुलिस ने फर्जी तरीके से जमीन बेचने वाले पुलिस ने 5 को किया गिरफ्तार
राजधानी के थाना वजीरगंज पुलिस टीम ने फर्जीवाड़ा कर जमीन बेचने वाले पांच शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वादी श्री कमलकांत सिंह निवासी पुराना हैदराबाद, लखनऊ ने आरोप लगाया था कि अभियुक्तों ने उनकी जमीन को समतल कराकर फर्जी व्यक्ति और महिला को खड़ा कर, फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान बनवाकर फोटो लगाकर साजिश के तहत रजिस्ट्री करा ली।इस संबंध में पुलिस ने वजीरगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया था। लगातार दबिश के बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शहीद स्मारक पार्क के पास से पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद सभी को भेजा जेल
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम अमित कुमार पुत्र राजाराम, निवासी ढोलबाजा बीरपुर, थाना माल, लखनऊ, सूरज राजपूत पुत्र वीरबल वर्मा, निवासी छठा मील कमलाबाद बढौनी, थाना जानकीपुरम, लखनऊ, सुधीर कुमार सिंह पुत्र बब्बन सिंह, निवासी घूरीपुर बडौनडीह, थाना कादीपुर, सुल्तानपुर, ओमप्रकाश शुक्ला पुत्र राजकुमार शुक्ला, निवासी कनौसी, थाना मानकनगर, लखनऊ, वसीम पुत्र स्व. कय्यूम, निवासी मडियांव, थाना जानकीपुरम, लखनऊ है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों से पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पारिवारिक विवाद में चली गोली, एक की मौत, छह अभियुक्त गिरफ्तार
राजधानी में थाना पीजीआई क्षेत्र के ग्राम रेवतापुर में आपसी पारिवारिक विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और फायरिंग की घटना में पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक लाइसेंसी राइफल, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
गोली से घायल सोनू यादव की उपचार के दौरान मौत
थाना पीजीआई क्षेत्र के ग्राम रेवतापुर में फायरिंग और मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि पुरानी रंजिश को लेकर अजय यादव और अनुज यादव के बीच विवाद हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और एक पक्ष की ओर से फायरिंग भी की गई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए, जिनका इलाज एपेक्स ट्रॉमा सेंटर, पीजीआई लखनऊ में चल रहा है।फायरिंग में घायल सोनू यादव पुत्र विनेश यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक को पुलिस कब्जे में लिया
इस घटना में दोनों पक्षों की तहरीर पर थाना पीजीआई में दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं । गिरफ्तार अभियुक्त का नाम अजय यादव उर्फ बच्चा यादव पुत्र स्व. किसन यादव, निवासी रेवतापुर, थाना पीजीआई, विजय यादव पुत्र स्व. किसन यादव, निवासी रेवतापुर, थाना पीजीआई, कपिल यादव उर्फ बादल पुत्र संजय यादव, निवासी रेवतापुर, थाना पीजीआई, सचिन यादव उर्फ अनुराग पुत्र विनेश यादव उर्फ बिन्ना, निवासी रेवतापुर, थाना पीजीआई, जितेंद्र कुमार उर्फ चंदन यादव पुत्र विनेश कुमार यादव, निवासी रेवतापुर, थाना पीजीआई,अनुज यादव उर्फ विवेक पुत्र विनेश यादव, निवासी रेवतापुर, थाना पीजीआई है। घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी रायफल को कब्जे में लेकर लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेजी जा रही है। पुलिस ने बताया कि शेष वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है।
