एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । राजधानी में सोमवार की रात और दोपहर दो अलग-अलग इलाकों में गोलीबारी की घटनाओं से सनसनी फैल गई। ठाकुरगंज में पटाखे दागने के विवाद में अधिवक्ता पर फायरिंग कर दी गई, वहीं पीजीआई थाना क्षेत्र के रेवतापुर इलाके में दो परिवारों के बीच हुए विवाद में लाइसेंसी राइफल से चली गोली से एक युवक घायल हो गया। दोनों घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों घटनाओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ठाकुरगंज में पटाखे दागने के विवाद में अधिवक्ता पर फायर

ठाकुरगंज के एकतानगर में रात करीब 10 बजे अधिवक्ता के घर के सामने पटाखे दागने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि पड़ोसी ने उनके भाई पर तमंचे से फायर झोंक दी। घायल अधिवक्ता दीपेंद्र सिंह का ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।पीड़ित सुमेंद्र सिंह ने बताया कि उनके घर में गाय पली हुई है। सोमवार रात पड़ोसी अमर सिंह और उसका बेटा विकास सिंह घर के सामने पटाखे दाग रहे थे, जिससे गाय डरकर जंजीर तोड़कर भाग गई।

दोनों हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए

सुमेंद्र ने जब विकास को मना किया तो पिता-पुत्र गाली-गलौच करते हुए भिड़ गए। इसी दौरान अमर सिंह के कहने पर विकास ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली दीपेंद्र के सिर को छूते हुए निकल गई।दोनों हमलावर धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।पुलिस ने सुमेंद्र की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रेवतापुर में दो परिवारों में खूनी संघर्ष, राइफल से चली गोली

पीजीआई थाना क्षेत्र के रेवतापुर इलाके में सोमवार दोपहर दो परिवारों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ। इस दौरान लाइसेंसी राइफल से की गई फायरिंग में प्लंबर सोनू यादव गोली लगने से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, सोनू यादव और उनके पट्टीदार अजय यादव, जो डेयरी संचालक हैं, के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के महिला-पुरुष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर चलाने लगे।

सोनू के पेट में गोली लगी

इस दौरान अजय यादव की तरफ से राइफल से फायरिंग की गई, जिसमें सोनू के पेट में गोली लगी।घटना में अजय समेत छह लोग घायल हुए हैं।सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को ट्रॉमा-2 में भर्ती कराया।डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है और मामले की जांच की जा रही है।

युवक ने इंदिरा नहर में लगाई छलांग, 24 घंटे बाद मिला शव

राजधानी लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने इंदिरा नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। शनिवार को नहर में छलांग लगाने वाले युवक का शव रविवार दोपहर बरामद हुआ। मृतक की पहचान कल्ली पश्चिम निवासी बबलू शर्मा (26 वर्ष) के रूप में हुई है।

दंपती के बीच अक्सर मामूली बातों पर विवाद होता रहता था

पुलिस के मुताबिक, बबलू शर्मा मूल रूप से बाराबंकी के धारूपुर असंधरा के रहने वाले थे और वर्तमान में बढ़ई का काम करते थे। उनकी शादी पांच माह पहले दरियाबाद निवासी पूजा से हुई थी। परिजनों के अनुसार, विवाह के बाद से ही दंपती के बीच अक्सर मामूली बातों पर विवाद होता रहता था।

शनिवार को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ

शनिवार को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद बबलू पत्नी को बाइक से मायके छोड़ने निकले। रास्ते में चिनहट स्थित इंदिरा नहर के पास उन्होंने पत्नी को बाइक से उतारा और कुछ दूरी आगे जाकर नहर में छलांग लगा दी।पत्नी पूजा जब थोड़ी देर बाद मौके पर पहुंची तो वहां पति की बाइक और अन्य सामान नहर किनारे पड़ा मिला। उसने तत्काल घटना की सूचना परिवार और पुलिस को दी।

परिवार की ओर से किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया

इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की और 24 घंटे बाद रविवार दोपहर बबलू का शव नहर से बरामद कर लिया गया।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल परिवार की ओर से किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है।

यह भी पढ़े : एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: 3.5 करोड़ की ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

यह भी पढ़े : हॉकी इंडिया लीग में चयनित हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के खिलाड़ी मोहम्मद हारिस

यह भी पढ़े : नकली डीएपी उर्वरक बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, गैंग सरगना समेत तीन गिरफ्तार

यह भी पढ़े : सीतापुर में भीषण सड़क हादसा, निजी एम्बुलेंस पलटी, चार लोगों की मौत

यह भी पढ़े : बंथरा में पुलिस मुठभेड़, नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *