एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । राजधानी की सरोजनीनगर पुलिस ने दिल्ली-लखनऊ एयर इंडिया फ्लाइट AI 837 में यात्रियों के बीच हुई झड़प के मामले में समद अली नामक युवक को गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर 2025 को शाम लगभग 6:48 बजे गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह ने थाना स्थानीय में लिखित शिकायत दी कि वे दिल्ली से लखनऊ यात्रा कर रहे थे। फ्लाइट में किसी कारणवश देरी हो गई, जिसके कारण उनके बगल में बैठे यात्री समद अली तेज आवाज में गाली-गलौज करने लगे। राकेश और अन्य यात्रियों द्वारा इसका विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ हाथापाई और धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
राकेश प्रताप सिंह की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस
विमान कर्मियों ने तुरंत स्थिति को संभाला और आरोपी को पीछे की सीट पर स्थानांतरित कर दिया। इसके बाद विधायक राकेश प्रताप सिंह ने थाना सरोजनीनगर में शिकायत दर्ज कराई।शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी समद अली, पुत्र मो. इस्लाम, ग्राम रज्जीपुर, थाना हथगांव, जिला फतेहपुर को गिरफ्तार कर लिया। सरोजनीनगर पुलिस ने बताया कि फ्लाइट में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता है और ऐसे किसी भी हंगामे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
टेक्निकल खराबी से फ्लाइट FD-147 सुरक्षित उतारी गई, 135 यात्री सुरक्षित
राजधानी में चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से बैंकॉक जा रही एयर एशिया की फ्लाइट FD-147 में सोमवार की रात तकनीकी खराबी के चलते हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, विमान में गड़बड़ी का संदेह पायलट को हुआ और उन्होंने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को सूचित किया। इसके बाद विमान को रनवे से वापस टैक्सी-वे पर लाकर सुरक्षित उतारा गया। विमान में कुल 135 यात्री सवार थे, जिन्हें किसी नुकसान के बिना बाहर निकाला गया।
पायलट की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया
यह घटना रात लगभग 11:05 बजे हुई, जब विमान रनवे पर आगे बढ़ रहा था। पायलट की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया, हालांकि यात्रियों में शुरुआती समय में डर की स्थिति बनी रही।तकनीकी खराबी के कारण कुछ यात्रियों के टिकट रद्द कर उन्हें पैसे वापस कर दिए गए। बाकी यात्रियों को एयरलाइन की ओर से रामाडा होटल में ठहराया गया। एयर एशिया के इंजीनियर देर रात तक खराबी को ठीक करने में लगे रहे, लेकिन मंगलवार देर शाम तक समस्या पूरी तरह हल नहीं हो पाई। इसके चलते कई यात्रियों ने टिकट रिफंड करा लिया और अन्य कनेक्टिंग फ्लाइट के माध्यम से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।एयरपोर्ट प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
########
किराये के मकान में युवती ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी
राजधानी के वजीरगंज थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बता दें कि 30 सितंबर को दोपहर करीब 3:25 बजे वजीरगंज थाना क्षेत्र के क्रिश्चियन कॉलेज के पास, लालजी स्वीट हाउस के नजदीक किराए पर रह रही युवती बरखा परमार (पिता – महेश परमार), मूल निवासी – वार्ड नंबर 23, निकट आनंद वेयर हाउस, जिला रायसेन, मध्य प्रदेश ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर नीचे उतारा शव
बताया गया कि बरखा परमार ने कमरे के रोशनदान के जंगले में दुपट्टे से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। मकान मालिक ने जब कमरे का दरवाजा बंद पाया तो आस-पड़ोस के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा और तत्काल इलाज के लिए बलरामपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना अस्पताल के वार्डब्वॉय संदीप ने शाम करीब 4:28 बजे वजीरगंज थाने को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।पुलिस के मुताबिक, मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे मध्य प्रदेश से लखनऊ आ रहे हैं। प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है।
यह भी पढ़े : लखनऊ पुलिस की महिला आरक्षियों ने जागरूकता दौड़ में दिखाया उत्साह
यह भी पढ़े : मुजफ्फरनगर में एनकाउंटर, ढेर हुआ 1 लाख का इनामी बदमाश नईम कुरैशी
यह भी पढ़े : बागपत में जेल से रिहा हुए 1199 आरोपितों ने थाने में अपराध न करने की ली शपथ
यह भी पढ़े : लखीमपुर खीरी हादसा : रोडवेज बस और वैन में भीषण टक्कर, पांच की मौत, नौ घायल
यह भी पढ़े : महाकुंभ की सफलता पर यूपी फायर सर्विस को मिला अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार
