होम उप्र न्यूज़ जमीनी विवाद को लेकर अधिवक्ता पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला

जमीनी विवाद को लेकर अधिवक्ता पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला

0
40

एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ ।  राजधानी के मोहनलालगंज इलाके में जमीनी विवाद को लेकर एक अधिवक्ता पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया। घटना बैरीसालपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई, जहां छह हमलावरों ने रास्ता रोककर अधिवक्ता पर ताबड़तोड़ वार किए। हेलमेट पहने होने के बावजूद उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आरोपियों ने रोककर रमाकांत को पीटा

घटना मंगलवार सुबह की है। घायल अधिवक्ता की पहचान निगोहां निवासी और मूल रूप से मीरख नगर गांव के रहने वाले रमाकांत मिश्रा उर्फ विनोद के रूप में हुई है। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि परिवार के ही सदस्य रमाकांत मिश्रा उर्फ दीपू और उसके साथी पहले से घात लगाए बैठे थे। जब वह बाइक से गांव की ओर जा रहे थे, तभी आरोपियों ने रोककर उन पर हमला कर दिया।

ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर उनकी जान बच सकी

पीड़ित ने बताया कि हमलावरों ने फोन छीनकर मदद मांगने से भी रोका और धमकी देकर फरार हो गए। स्थानीय ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर उनकी जान बच सकी। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में जमीन को लेकर विवाद सामने आया है। इससे पहले सोमवार को भी दोनों पक्षों के बीच खेत पर झगड़ा हुआ था, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया था।

बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की मांग की

हमले की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता अस्पताल और थाने पहुंच गए। मोहनलालगंज बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर मोहनलालगंज दिलेश कुमार सिंह ने बताया कि अधिवक्ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं।

यह भी पढ़े : यूपी पुलिस SI भर्ती : महिला अभ्यर्थियों को पिता पक्ष का जाति प्रमाणपत्र देना होगा

यह भी पढ़े :बेकाबू SUV ने श्रद्धालुओं को रौंदा, 1 की मौत, कई घायल, चालक गिरफ्तार

यह भी पढ़े :टोयोटा फ्रेंचाइजी के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

यह भी पढ़े :विधायक पूजा पाल पर अभद्र टिप्पणी, उमेश यादव पर मुकदमा दर्ज