एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । लखनऊ साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एक बड़ी ठगी का पर्दाफाश करते हुए पटना (बिहार) से एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह ने टोयोटा किर्लोस्कर मोटर प्रा. लि. की डीलरशिप के नाम पर फर्जी वेबसाइट बनाकर कारोबारी से 1 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की।
मामला कैसे खुला?
19 जुलाई 2025 को पीड़ित रवितोष अस्थाना ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने गूगल पर मिली एक वेबसाइट के जरिए टोयोटा डीलरशिप के लिए आवेदन किया। बाद में पता चला कि यह पूरी तरह से फर्जी वेबसाइट थी, जिसके जरिए उनसे भारी रकम ऐंठी गई। इस पर लखनऊ साइबर क्राइम थाना में मुकदमा दर्ज किया गया।
गिरोह का तरीका (Modus Operandi)
-गिरोह कंपनियों जैसे Toyota, Zudio, Kalyan Jewellers, McDonald’s, Burger King आदि की हूबहू वेबसाइट तैयार करता था।
-इन्हें Google और सोशल मीडिया पर प्रमोट किया जाता था।
-इच्छुक लोग ऑनलाइन आवेदन कर देते थे, फिर आरोपियों की तरफ से कॉल कर रजिस्ट्रेशन फीस, सिक्योरिटी मनी और GST के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती थी।
-पैसे फर्जी बैंक खातों में जमा कराकर तुरंत निकाल लिए जाते थे।
गिरफ्तार आरोपी
नाम: राहुल कुमार (उम्र 33 वर्ष)
पिता का नाम: सोनेलाल
निवासी: क्वार्टर संख्या-140, ऑफ पोलो रोड, कौशल नगर, जिला-पटना (बिहार)
पेशा: पूर्व में एलन कोचिंग सेंटर, पटना में सफाईकर्मी
पूछताछ में खुलासा
राहुल ने कबूल किया कि वह इलाज के लिए पैसों की जरूरत में गिरोह से जुड़ा। नितीश, अभय, जितेंद्र और एक अन्य आरोपी ‘हालो’ ने उसके नाम पर बैंक खाते खुलवाकर ठगी की रकम मंगवाई और चेकों पर उससे हस्ताक्षर करवाए। इसके कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
पुलिस की अपील
– किसी भी अज्ञात लिंक या ऐप पर क्लिक न करें
-फ्रेंचाइज़ी लेने से पहले कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और दस्तावेज़ों की जांच करें
-साइबर अपराध की शिकायत तुरंत करें: हेल्पलाइन नंबर 1930 या cybercrime.gov.in
