एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ ।  उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में महिला कांस्टेबल विमलेश पाल की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर इस सनसनीखेज हत्या का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि महिला कांस्टेबल का हत्यारा कोई और नहीं, बल्कि उसका पति और पुलिस विभाग का ही सिपाही इन्द्रेश मौर्य निकला।

बिंदौरा हाईवे किनारे झाड़ियों में विमलेश का शव बरामद हुआ था

घटना बुधवार की है जब मसौली थाना क्षेत्र के बिंदौरा हाईवे किनारे झाड़ियों में विमलेश का शव बरामद हुआ था। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत फोरेंसिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के जरिए हत्यारे की पहचान शुरू की। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि जांच के दौरान जो तथ्य सामने आए, वे चौंकाने वाले थे।

मुकदमे से बचने को इन्द्रेश ने मंदिर में उससे शादी कर ली थी

दरअसल, विमलेश ने कुछ समय पहले सिपाही इन्द्रेश मौर्य के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। मुकदमे से बचने के लिए इन्द्रेश ने आर्य समाज मंदिर में उससे शादी कर ली, लेकिन शादी के बाद भी उसने उसे पत्नी का दर्जा नहीं दिया। विमलेश लगातार अधिकार और पहचान की मांग कर रही थी। इसी तनाव से तंग आकर आरोपी ने उसकी हत्या की योजना बनाई।

रास्ते में लोहे की रिंच से उसके सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी

आरोपी ने 27 जुलाई को विमलेश को मिलने के बहाने बुलाया और वैगनआर कार में बिठाकर सुनसान रास्ते की ओर ले गया। रास्ते में लोहे की रिंच से उसके सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया।गिरफ्तारी के समय पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त वाहन और हथियार भी बरामद किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच की जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *