एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । राजधानी के बीकेटी थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बीते 15 वर्षों में विभिन्न मुकदमों में बरामद की गई हजारों लीटर शराब का विनष्टीकरण किया। यह कार्रवाई अपर न्यायिक मजिस्ट्रेट सप्तम लखनऊ के आदेशानुसार की गई, जिसमें सहायक पुलिस आयुक्त बीकेटी और प्रभारी निरीक्षक बीकेटी की मौजूदगी में शराब को पूरी तरह नष्ट किया गया।
करीब 200 मुकदमों में जब्त की गई शराब संचित थी
बीकेटी थाना परिसर स्थित मालखाने में वर्ष 2010 से 2024 तक के करीब 200 मुकदमों में जब्त की गई शराब संचित थी। इनमें 10,000 से अधिक बोतलें (छोटी-बड़ी, प्लास्टिक व कांच की) अंग्रेजी और देशी शराब शामिल थीं। इसके अतिरिक्त लगभग 1,000 लीटर कच्ची शराब, जो प्लास्टिक के पीपों में रखी गई थी, को भी नष्ट किया गया।
जेसीबी मशीन की सहायता से यह गड्ढा खुदवाया गया था
बुधवार को दोपहर से शुरू हुई विनष्टीकरण प्रक्रिया के अंतर्गत, पहले मालगृह से सभी शराब की बोतलें और पीपे निकालकर थाना परिसर में बनाए गए एक गहरे गड्ढे तक लाया गया। जेसीबी मशीन की सहायता से यह गड्ढा खुदवाया गया था, जिसमें एक-एक करके सभी सामग्री को डाला गया और फिर उसे जमींदोज कर दिया गया।
अवैध शराब के दुरुपयोग की कोई संभावना न बच सके
पुलिस अधिकारियों ने इस दौरान यह सुनिश्चित किया कि कोई भी बोतल या पीपा दोबारा उपयोग की स्थिति में न रहे, जिससे अवैध शराब के दुरुपयोग की कोई संभावना न बच सके। बीकेटी थाना पुलिस की यह कार्रवाई अवैध शराब के कारोबार और संगठित अपराध पर सख्त नियंत्रण की दिशा में एक प्रभावी कदम मानी जा रही है।
यह भी पढ़े : लखनऊ में साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़,16 गिरफ्तार, 1.07 करोड़ नकद बरामद
यह भी पढ़े : वाराणसी में अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
यह भी पढ़े : गाजियाबाद से चला रहा था फर्जी देश का दूतावास, एसटीएफ ने किया भंडाफोड़, एक गिरफ्तार
यह भी पढ़े : दिवाकर का सपना था बहन की शादी, एक गोली ने सब कुछ छीन लिया, जानिये पूरा मामला
