एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ।यूपी की राजधानी के आलमबाग थाना क्षेत्र में हुए दिल दहला देने वाले दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी दामाद जगजीत सिंह उर्फ जगदीप उर्फ टिंकू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का असली निशाना उसकी पत्नी पूनम और साला था, लेकिन साले के मौजूद न होने पर उसने सास और ससुर पर गुस्सा उतारते हुए दोनों को बेरहमी से चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया।
पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर मायके आई थी पूनम
पूनम, जो कि मोहनलालगंज के एक सरकारी स्कूल में शिक्षिका है, अपने पति की मारपीट और शराबखोरी से तंग आकर बच्चों सहित गढ़ी कनौरा स्थित मायके में रह रही थी। उसने कुछ दिन पहले महिला आयोग में पति के खिलाफ शिकायत भी की थी। बुधवार को इस मामले में सुनवाई थी, जिससे घबराकर जगदीप ने हिंसक कदम उठाया।
घटना की रात चाकू लेकर पहुंचा, कर दिया हमला
2 जुलाई की रात करीब 8:40 बजे जगदीप पूनम के मायके पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए झगड़ा शुरू कर दिया। इसी दौरान उसने अपने बैग से चाकू निकाला और पहले पूनम के पिता अनंत राम पर वार कर दिया। इसके बाद मां आशा देवी को भी निशाना बनाया। दोनों लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग पहुंचे लेकिन तब तक आरोपी भाग चुका था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सास-ससुर पर किए चाकू से 33 वार
गुरुवार को हुई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि अनंत राम पर 15 बार और आशा देवी पर 18 बार चाकू से वार किया गया था। यह हमले इतने निर्मम थे कि शरीर के कई हिस्सों में गहरे जख्म मिले। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई है।
पूनम के परिवार से ऐसे जुड़ा था जगदीप
पूनम के भाई रोहन ने बताया कि जगदीप पहले उनके घर के बगल एक परिचित के यहां आता-जाता था। इसी दौरान उसके माता-पिता से जान-पहचान हुई और उन्होंने विश्वास करके बेटी की शादी उससे कर दी। शुरू में सब कुछ ठीक था लेकिन शादी के कुछ समय बाद से जगदीप का असली चेहरा सामने आ गया। शराब की लत, बेरोजगारी और आए दिन झगड़े से माहौल खराब होता गया।
पत्नी के फ्लैट को हड़पना चाहता था
पूनम ने वृंदावन कॉलोनी में एक फ्लैट खरीदा था, जो उसकी नौकरी की जगह के पास था। जगदीप इस फ्लैट को अपने नाम कराना चाहता था, जबकि वह खुद कोई काम नहीं करता था और रोज शराब के लिए पैसों की मांग करता था। जब पूनम ने पैसे देने बंद कर दिए, तो वह मारपीट पर उतर आया।
महिला आयोग में शिकायत से भड़का था आरोपी
पूनम द्वारा महिला आयोग में की गई शिकायत की सुनवाई 2 जुलाई (बुधवार) को थी। इसी बात से नाराज होकर जगदीप ने खौफनाक प्लान बनाया और पत्नी से झगड़ा करने के बहाने ससुराल पहुंचा। साले के न मिलने पर सास-ससुर को मौत के घाट उतार दिया। इस दौरान झगड़ा छुड़ाने आई पूनम को भी चाकू लगा, लेकिन वह बच गई।
पुलिस कर सकती है रिमांड पर
आलमबाग पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे जांच के लिए उसे रिमांड पर भी लिया जा सकता है। वहीं मृतकों का अंतिम संस्कार शुक्रवार सुबह किया गया। जम्मू-कश्मीर से बेटे सूरज के आने का इंतजार किया गया था।
यह भी पढ़े : झांसी मेडिकल कॉलेज में हादसा, डॉक्टर के इकलौते बेटे की हॉस्टल की छत से गिरकर मौत
यह भी पढ़े : गाड़ी का कागज मांगने पर भड़के दबंग, दारोगा की फाड़ी वर्दी
