एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को एक बड़ी कामयाबी मिली है। प्रतापगढ़ जिले के थाना मान्धाता क्षेत्र में वर्ष 2021 में दर्ज दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में वांछित चल रहे 50,000 के इनामी अपराधी कुलदीप को गुरुग्राम (हरियाणा) से गिरफ्तार कर लिया गया है।
अभियुक्त कई सालों से चल रहा था फरार
एसटीएफ प्रयागराज फील्ड यूनिट को सूचना मिली थी कि अभियुक्त कुलदीप, जो कई वर्षों से फरार था, इस समय हरियाणा के गुरुग्राम में छिपकर रह रहा है। पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में निरीक्षक जय प्रकाश राय व उनकी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 28 जून को सेक्टर-34, थाना सदर सेक्टर-38, गुरुग्राम से कुलदीप को सुबह 11 बजे गिरफ्तार किया।
एक युवती ने वर्ष 2021 में दुष्कर्म का दर्ज कराया था मुकदमा
गिरफ्तार अभियुक्त कुलदीप पुत्र श्याम सुंदर सरोज मूलतः ग्राम कलानी थाना मान्धाता, जनपद प्रतापगढ़ का निवासी है। पूछताछ में उसने बताया कि उसके खिलाफ गांव की एक युवती ने थाना मान्धाता में वर्ष 2021 में दुष्कर्म, धमकी व अपमानजनक भाषा को लेकर मुकदमा दर्ज कराया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार भागता रहा और अंततः गुरुग्राम पहुंचा, जहां वह एक केक फैक्ट्री की कैंटीन में मैनेजर के रूप में काम कर रहा था।
ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे प्रतापगढ़ भेजा गया
गिरफ्तारी के बाद कुलदीप को स्थानीय थाने में दाखिल कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे प्रतापगढ़ भेजा गया है। आगे की विधिक कार्यवाही थाना मान्धाता पुलिस द्वारा की जा रही है।यह गिरफ्तारी न केवल फरार अपराधियों पर एसटीएफ की निगरानी का प्रमाण है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि कानून से कोई कितना भी दूर क्यों न भागे, वह पकड़ा ही जाता है।
यह भी पढ़े : यूपी में आईपीएस अफसरों के बड़े तबादले,एस.बी. शिरडकर को नया दायित्व
यह भी पढ़े : मलिहाबाद में हकीम के घर में चल रही थी अवैध असलहा फैक्ट्री, एक गिरफ्तार
यह भी पढ़े : बलिया पुलिस के साथ मुठभेड़ में गौ हत्यारे के पैर में लगी गोली
यह भी पढ़े : आई लव यू बिट्टू बाबू लिख युवक ने खाईं 40 गोलियां, मेटा अलर्ट पर यूपी पुलिस ने बचाई जान
