एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ।राजधानी के महानगर थाना क्षेत्र की विज्ञानपुरी कॉलोनी में सोमवार शाम एक ऐसा दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया जिसने मां-बेटी के रिश्ते, मन्नतों से मिली औलाद और सौतेले रिश्ते की हैवानियत को झकझोर कर रख दिया। 17 वर्षीय छात्रा सिमरन की चाकू से गोदकर हत्या उसी के सौतेले पिता विकास चंद्र पांडेय ने कर दी। हत्या इतनी बर्बर थी कि पोस्टमार्टम में सिमरन के शरीर पर कुल 18 चाकू के घाव पाए गए। मां रेखा की आंखों के सामने यह दरिंदगी होती रही और वह कुछ नहीं कर सकीं।

2000 में हुई थी शादी, मन्नतों से पाई थी संतान

सिमरन की मां रेखा की पहली शादी साल 2000 में उरई निवासी डॉक्टर जागेश से हुई थी। काफी सालों तक संतान न होने के कारण दोनों पति-पत्नी देश के कई मंदिरों में मन्नतें मांगते फिरते थे। आखिरकार उनकी मुराद पूरी हुई और सिमरन का जन्म हुआ। बेटी के जन्म के बाद घर में खुशियों की बहार आ गई। हालांकि उसी दौरान रेखा की बच्चेदानी निकालनी पड़ी, जिससे वह फिर कभी मां नहीं बन सकीं।लेकिन साल 2014 में डॉक्टर जागेश की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शव घर में फंदे से लटका मिला था, पर एफआईआर दर्ज नहीं हुई। अब रेखा के मायके वालों का दावा है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या थी।

दूसरी शादी ने सिमरन की जिंदगी में ला दी तबाही

पति की मौत के बाद रेखा ने सोचा कि बेटी सिमरन को पिता का सहारा मिले, इसलिए उन्होंने विकास चंद्र पांडेय से दूसरी शादी कर ली। शुरुआत में सब सामान्य लगा, लेकिन कुछ ही दिनों में विकास की नीयत सिमरन पर खराब होने लगी। वह उसे गलत नजरों से देखने लगा और अश्लील हरकतें करने की कोशिश करता था। रेखा ने कई बार इसका विरोध किया, लेकिन विकास अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।

जब मंसूबे नाकाम हुए तो मौत के घाट उतार दिया

सोमवार की शाम विकास ने एक बार फिर सिमरन के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। सिमरन के विरोध और शोर मचाने पर विकास बौखला गया। उसने रसोई से चाकू उठाया और सिमरन पर टूट पड़ा। एक के बाद एक चाकू मारता गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, सिमरन की गर्दन, छाती, पेट, चेहरे और निजी अंगों पर चाकू के घाव पाए गए। रेखा ने पुलिस को बताया कि जब सिमरन जमीन पर गिर गई तब विकास उसकी गर्दन पर चढ़ गया और जब उसे विश्वास हो गया कि वह मर चुकी है, तो शव के ऊपर नाचता और कुचलता रहा। यह सब कुछ रेखा की आंखों के सामने हुआ, लेकिन वह असहाय रहीं।

संपत्ति की लालच में की गई हत्या?

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि विकास का असली मकसद रेखा की संपत्ति पर कब्जा जमाना था। चूंकि रेखा दोबारा मां नहीं बन सकती थीं, इसलिए विकास यह मान चुका था कि अगर वह सिमरन को अपनी बना लेगा, तो संपत्ति भी उसी की हो जाएगी। जब सिमरन ने उसकी बात नहीं मानी, तो उसने यह वीभत्स हत्याकांड कर डाला।

पुलिस कर रही है गहन जांच

हत्या के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया गया। सिमरन के शव का मंगलवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने दुष्कर्म की आशंका में स्लाइड बनाकर जांच के लिए भेजी है। डीसीपी उत्तरी की निगरानी में पूरे मामले की बारीकी से जांच हो रही है। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। सिमरन जैसी मासूम, जो कभी मां-बाप की मन्नतों से जन्मी थी, वह सौतेले रिश्ते की दरिंदगी की शिकार हो गई।

यह भी पढ़े : कमता चौराहे पर जाम से मिलेगी राहत, डीसीपी ट्रैफिक ने संभाली कमान

यह भी पढ़े : लखनऊ में सौतेले पिता ने बेटी की चाकू से गोदकर की हत्या,बचाने पहुंची मां को भी किया घायल

यह भी पढ़े : यूपी पुलिस में दरोगा भर्ती जल्द, अगले माह नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना

यह भी पढ़े : स्कूटी सवार महिला को डंपर ने रौंदा, मौत

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *