एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ।यूपी की राजधानी के गुडंबा थाना क्षेत्र में ठेकेदार उमाशंकर सिंह की गला रेतकर हत्या के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि उमाशंकर पहले से विवाहित थे, उनकी दो पत्नियां थीं, फिर भी लखनऊ में वह एक तीसरी महिला से भी प्रेम संबंध में थे। मृतक की दूसरी पत्नी ममता सिंह ने महिला मित्र वैशाली, उसके भाई अभिनाश, प्रेमी संदीप व अन्य पर साजिशन हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
मूल रूप से सुल्तानपुर के लंभुआ के रहने वाले थे रमाशंकर सिंह
मूल रूप से सुल्तानपुर जनपद के लंभुआ क्षेत्र के भरखरे गांव निवासी उमाशंकर लखनऊ में ठेकेदारी करता था। वह गुडंबा के अर्जन एन्क्लेव स्थित मुस्तकीम के मकान में किराये पर रह रहा था। मंगलवार की सुबह उसका शव कमरे के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला। गला काटकर निर्मम हत्या की गई थी। पुलिस को मौके से संघर्ष के कोई विशेष निशान नहीं मिले, लेकिन कमरे में चारों तरफ खून फैला हुआ था।
घटना वाले दिन सबसे पहले पहुंची थी वैशाली
हत्या की जानकारी सबसे पहले उसकी महिला मित्र वैशाली को लगी, जो रोजाना उससे मिलने आया करती थी। जब उसने दरवाजा खटखटाया और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो ताला तोड़कर अंदर घुसी, जहां उमाशंकर मृत अवस्था में पड़ा था। उसने मकान मालिक को जानकारी दी और फिर पुलिस को बुलाया गया।
तीन रिश्ते और बढ़ती जटिलताएं
पुलिस जांच में यह सामने आया कि उमाशंकर की पहली शादी रेनू सिंह से हुई थी, जिससे उसकी दो बेटियां हैं। बाद में 2008 में उसने ममता सिंह से दूसरी शादी की, जिससे उसे एक बेटा है। दोनों पत्नियां सुल्तानपुर में रहती हैं। हालांकि लखनऊ में वह अपने परिवार से छिपाकर रह रहा था और वैशाली नाम की युवती से उसके प्रेम संबंध थे। मकान मालिक मुस्तकीम ने बताया कि वैशाली अक्सर उमाशंकर के पास आया करती थी और सोमवार की शाम भी दोनों कार में कहीं बाहर गए थे।
दूसरी पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक की दूसरी पत्नी ममता ने पुलिस में दर्ज कराई गई तहरीर में वैशाली, उसके भाई अभिनाश, प्रेमी संदीप, और वैशाली के माता-पिता समेत कुल छह लोगों को नामजद किया है। ममता का आरोप है कि वैशाली का प्रेमी उमाशंकर और वैशाली के संबंधों से नाराज़ था और उसने कई बार धमकी भी दी थी। यहां तक कि बेटे के जन्मदिन पर जब उमाशंकर सुल्तानपुर आए थे, तब भी संदीप ने फोन पर जान से मारने की धमकी दी थी।
कीमती जेवर भी हुए गायब
ममता ने दावा किया है कि उनके पति की हत्या सिर्फ अशनाई के कारण नहीं, बल्कि लूटपाट के इरादे से भी की गई है। उनके अनुसार उमाशंकर की आठ तोला सोने की चेन और छह तोले का ब्रेसलेट भी गायब हैं। परिजनों ने यह भी कहा कि उमाशंकर को 26 जून को एक व्यावसायिक मीटिंग के सिलसिले में नासिक जाना था, ऐसे में उसका अचानक लखनऊ आना और फिर इस तरह मौत के घाट उतार दिया जाना किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है।
पुलिस जुटी जांच में, कॉल डिटेल खंगाले जा रहे
डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। वैशाली को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि उसका प्रेमी संदीप फरार है। मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल निकाली जा रही है ताकि यह पता चल सके कि घटना से पहले और बाद में किन-किन लोगों से उसकी बातचीत हुई थी। साथ ही इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।फिलहाल पुलिस ने आशंका जताई है कि यह मामला प्रेम संबंध, लेन-देन और निजी रंजिश का मिश्रण हो सकता है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर पूरे मामले से पर्दा उठा दिया जाएगा।
यह भी पढ़े : लखनऊ में सौतेले पिता ने बेटी की चाकू से गोदकर की हत्या,बचाने पहुंची मां को भी किया घायल
यह भी पढ़़े: लखनऊ आकर दो विदेशी युवतियों ने पहचान छिपाने को कराई प्लास्टिक सर्जरी फिर करने लगी …
यह भी पढ़े : यूपी पुलिस में दरोगा भर्ती जल्द, अगले माह नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना
